उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में पुलिस हिरासत में शुक्रवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामला गिलौला थाने का है। आरोप है कि छेड़छाड़ और एससी/एसटी एक्ट के एक मामले में युवक को पुलिस ने 7 दिनों से थाने में रखा था। इस दौरान उसे जमकर पीटा गया। इससे युवक की मौत हो गई। मौत से गुस्साए परिवार वालों व ग्रामीणों ने थाने पर हंगामा किया। तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात की गई है। इस प्रकरण में इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है।
छह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, केस भी दर्ज
इस प्रकरण में शुक्रवार की शाम थाना प्रभारी विनोद कुमार, उपनिरीक्षक शशि नाथ पाण्डेय, उप निरीक्षक विजय नाथ, उप निरीक्षक जयप्रकाश सिंह, आरक्षी मुंशी एकलाख खां और महिला आरक्षी प्रिया मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। साथ ही निरीक्षक विनोद कुमार, उप निरीक्षक विजय नाथ यादव हल्का प्रभारी, हमराहियान व उप निरीक्षक जेपी सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई मृतक के पिता की तहरीर पर हुई है।