भारत के केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिवसीय दौरे पर मॉस्को पहुंच गए हैं। दरअसल, रूस की राजधानी मॉस्को में शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (एससीओ) देशों के रक्षा मंत्रियों की मीटिंग होने वाली है। मॉस्को पहुंचने पर मेजर जनरल बी यू निकोलेविच ने हवाई अड्डे पर राजनाथ सिंह का स्वागत किया। बता दें कि भारत-चीन के बीच चल रहे सीमा विवाद के चलते इस बार एससीओ की बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है।
मॉस्को में होने वाली एससीओ की बैठक में चीन के रक्षा मंत्री जनरल वेई फेंग भी शामिल होंगे, लेकिन भारतीय अधिकारियों के मुताबिक वेई फेंग और राजनाथ सिंह के बीच कोई संभावित बैठक नहीं होगी। राजनाथ सिंह चार से छह सितंबर तक मॉस्को में शंघाई को-ऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (एससीओ) देशों के रक्षा मंत्रियों की मीटिंग में शिरकत करेंगे। पहले उनके यहां चीन के रक्षा मंत्री से मुलाकात की खबरें थीं। लेकिन न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह स्पष्ट कर दिया है कि राजनाथ अब अपने चीनी समकक्ष से नहीं मिलेंगे।