कस्बा दोराहा में बुधवार सुबह दिल्ली-लुधियाना हाईवे पर सड़क हादसे में तीन की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए। बताया जाता है कि मजदूरों को लेकर एक कैंटर उत्तर प्रदेश के मेरठ से मोगा जा रहा था। फ्लाईओवर के पास मुड़ने के लिए जैसे ही इसके चालक ने ब्रेक लगाई, पीछे से आ रहा ट्रक इसमें टकरा गया। दोनों वाहनों के सड़क पर पलट जाने के कारण कैंटर में सवार लोगों में से 2 महिलाओं ने मौके पर दम तोड़ दिया तो ट्रक के क्लीनर की मौत हो गई। घायलों को दोराहा के सिद्धू अस्पताल, पायल के सिविल अस्पताल, लुधियाना डीएमसी अस्पताल और अन्य में भर्ती कराया गया है।
मृतकों में मजदूर महिलाओं की पहचान मेरठ के गांव पावली खाट की 20 वर्षीय काजल पुत्री मुकेश और मुजफ्फरनगर के ननहेड़ा की 45 वर्षीय बाला पत्नी राजेंद्र के रूप में हुई है। इस बारे में दोराहा थाने के एएसआई बरजिंदर सिंह ने बताया कि भट्टे की लेबर को लेकर एक कैंटर उत्तर प्रदेश के मेरठ से मोगा जा रहा था। दोराहा नजदीक गलती से मोगा (दक्षिणी बाईपास) को मुड़ने की बजाय सीधा हाईवे पर फ्लाईओवर चढ़ने लगा। इसके बाद एकदम ब्रेक लगा दिए जाने के कारण पीछे से आ रहे ट्रक की इससे टक्कर हो गई।