उत्तर प्रदेश में माफिया मुख्तार अंसारी की लखनऊ स्थित दो इमारतों को गुरुवार को ढहाने के बाद शुक्रवार को जनपद मऊ में भी उसके अवैध कारोबार पर प्रशासन का बुलडोजर चला है। योगी सरकार मुख्तार अंसारी के काले कारोबार के साम्राज्य को ध्वस्त करने में लगी है। मऊ जिला प्रशासन ने भारी पुलिस बल के साथ जाकर मुख्तार अंसारी के करीबी रईस कुरैशी के अवैध बूचड़खाने को धराशायी कर दिया।
इस अवैध बूचड़खाने को एक साल पहले जिला प्रशासन ने सील किया था। शुक्रवार को 40 लाख की कीमत वाले इस स्लॉटर हाउस को ढहाने की कार्रवाई पर प्रशासन ने अमल किया। नगरपालिका की जेसीबी शुक्रवार की सुबह को इस अवैध बूचड़खाने को गिराने के लिए लाई गई। प्रशासन ने आसपास भारी पुलिस फोर्स की तैनाती पहले से की थी। डीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने इस कार्रवाई के बारे में बताया कि अवैध बूचड़खाने को मुख्तार अंसारी के गैंग का रईस कुरैशी संचालित कर रहा था। इसमें अवैध रूप से गोकशी कर मांस और चमड़े का व्यापार किया जा रहा था। पहले इस स्लॉटर हाउस को सीज किया गया और अब इसको ध्वस्त कर दिया गया।