राम मंदिर निर्माण के लिए अवैध वसूली करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज

अयोध्या में मंदिर निर्माण के नाम पर अवैध रूप से चंदा वसूली करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ मेडिकल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।


मेरठ में नरेन्द्र राणा श्रीरामतीर्थ ट्रस्ट बनाकर चंदा वसूली कर रहा था। इसकी सूचना विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) को लगी तो उन्होंने विरोध किया। वहीं मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी नरेंद्र राणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है।

बताया गया कि आरोपी नरेंद्र राणा ने जागृति विहार में ऑफिस खोला हुआ था। इसी ऑफिस में बैठकर वह रसीद काटकर अवैध रूप से चंदा वसूली करता था। 

विहिप के महानगर संयोजक अर्जुन राठी ने बताया कि गढ़ रोड स्थित गांव जिठौली में मंदिर से कुछ लोगों ने यह घोषणा की थी कि वे अयोध्या मंदिर निर्माण के लिए चंदा इकट्ठा कर रहे हैं। इसके बाद विहिप कार्यकर्ता दिग्विजय सिंह तोमर ने इसकी सूचना अपने पदाधिकारियों को दी। 

विहिप पदाधिकारियों ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने खाता संख्या जारी कर रखा है। उसी खाते में मंदिर निर्माण सहयोग राशि ली जा रही है। इसके अलावा चंदा वसूली का कोई आदेश या अधिकार नहीं है। व्यक्तिगत तौर से कोई चंदा नहीं वसूल सकता।

इन्होंने कहा…
एसपी सिटी डॉक्टर अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जल्द ही इस मामले में अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लेगी। उन्होंने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा के नाम पर ठगी हो रही थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here