अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के बीच बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अगर दोनों देशों के बीच सीजफायर नहीं होता, तो अमेरिका उनके साथ व्यापार नहीं करेगा।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका दोनों देशों के बीच व्यापार में सहयोग के लिए तैयार है और युद्धविराम समझौते के संदर्भ में मदद करने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने दावा किया कि उनके प्रशासन के प्रयासों से ही हालात सामान्य हुए हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, “भारत और पाकिस्तान दोनों का नेतृत्व मजबूत और धैर्यवान है। हमने इस स्थिति में काफी मदद की और व्यापार में भी सहयोग किया। मैंने कहा कि अगर आप युद्ध नहीं रोकते, तो हम व्यापार नहीं करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि व्यापार को रणनीतिक रूप से उपयोग करने का यह तरीका पहले कभी नहीं अपनाया गया। ट्रंप ने इसे अपनी प्रशासनिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि व्यापारिक दबाव के चलते ही उन्होंने संघर्ष रुकवाने में सफलता पाई।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि अमेरिका भारत के साथ व्यापक व्यापार वार्ता कर रहा है और जल्द ही पाकिस्तान के साथ भी इसी तरह की बातचीत शुरू करेगा। उनका मानना है कि दोनों देशों के बीच स्थायी शांति के लिए व्यापार एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।