पुलिस सूत्रों के अनुसार-अमृतपाल के उत्तराखंड में होने का शक

वारिस पंजाब दे का चीफ और खालिस्तान सपोर्टर अमृतपाल सिंह को छठे दिन भी पंजाब पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस सूत्रों की मानें तो वह पंजाब से भाग गया है। पुलिस को उसके उत्तराखंड में होने का शक है। पंजाब से भागकर वह हरियाणा गया था। वह कुरुक्षेत्र जिले के शाहबाद में 19 और 20 मार्च को रुका था।

यहां वह जिस महिला के घर रुका था, पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस पता करने में जुटी है कि क्या महिला को अमृतपाल जानता था या महिला के घर वह जबरदस्ती घुसा था।

पंजाब के पड़ोसी राज्यों के अलावा उत्तराखंड में भी अमृतपाल के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। गुरुघरों की भी जांच की जा रही है। अमृतपाल के साथी तजिंदर सिंह उर्फ गोरखा बाबा को लुधियाना में गिरफ्तार किया गया है। वह अमृतपाल का गनर है।

पुलिस और खुफिया एजेंसियों को जांच के दौरान पता चला कि अमृतपाल को 158 विदेशी खातों से फंडिंग की जा रही थी। इनमें से 28 खातों से 5 करोड़ से ज्यादा की रकम भेजी गई थी। इन खातों का संबंध पंजाब के माझा और मालवा से है। अमृतसर, तरनतारन, बटाला, गुरदासपुर, जालंधर, नवांशहर, कपूरथला और फगवाड़ा के खातों का संबंध अमृतपाल से मिला है।

अपडेट्स…

  • पंजाब के पाकिस्तान से सटे बॉर्डर डिस्ट्रिक्ट फिरोजपुर और तरनतारन जिलों में इंटरनेट पर पाबंदी शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक बढ़ा दी गई है। अजनाला, मोगा, संगरूर व मोहाली से इंटरनेट की पाबंदी हटा दी गई है।
  • अमृतपाल के भाई हरप्रीत सिंह समेत उसके 11 साथियों को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा में बाबा बकाला कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया है।
  • बाबा बाकाला कोर्ट से अमृतपाल के इन 11 साथियों को अजनाला पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर लिया। इसके बाद पुलिस ने इन सभी को अजनाला कोर्ट में पेश किया।

विदेशी फंडिंग में एजेंसियों का फोकस इन पॉइंट पर

  1. देश में खोले गए खातों के दस्तावेज की जांच होगी।
  2. खाता कब खोला गया, पहला ट्रांजैक्शन कब हुआ, विदेशों से रकम कब आई।
  3. किन-किन देशों से पैसे आए। जब रकम आई तो आगे कहां ट्रांजैक्शन हुआ।
  4. खाते किसके नाम पर खोले गए, क्या वही खाता ऑपरेट करता था या अमृतपाल की संस्था का कोई मेंबर।
  5. वारिस पंजाब दे और आनंदपुर खालसा फोर्स के मेंबर्स की संपत्तियों की भी जांच की जाएगी

पुलिस ने एक बुलेट और सप्लेंडर बाइक बरामद की
अमृतपाल के साथियों द्वारा खुद का बुलेट बाइक छोड़ स्पलेंडर बाइक पिस्टल के बल पर छीना गया है। पुलिस ने दोनों बुलेट व सप्लेंडर बाइक बरामद कर लिया है। ये दोनों बाइक सादिकपुर से मिली है। पुलिस के मुताबिक जिन लोगों ने ये बाइक छीनी, वे गांव नंगल अंबिया से अमृतपाल के साथ ही भागे थे।

पुलिस ने दोनों बाइक बरामद कर उनकी नंबर प्लेट जांच के लिए भेज दी है। इसी इलाके में पुलिस लगातार सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है। जिस व्यक्ति से आरोपियों ने पिस्टल के बल पर बाइक छीनी, पुलिस उसकी पहचान कर उससे घटनाक्रम की जानकारी हासिल करेगी।

6 दिनों से अमृतपाल का करीबी तूफान लापता
अमृतपाल का करीबी और वारिस पंजाब दे का जिला प्रधान लवप्रीत सिंह उर्फ तूफान सिंह करीब 6 दिनों से घर नहीं आया है और न ही अब तक पुलिस उसे गिरफ्तार कर पाई है। परिवार के मुताबिक अजनाला घटना के बाद से ही वह घर पर रहता था।

अजनाला पुलिस ने 18 फरवरी को तूफान सिंह को युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने के आरोप में घर से गिरफ्तार किया था। इसके बाद अमृतपाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर 23 फरवरी को अजनाला थाने का घेराव कर तूफान सिंह को रिहा करवाया था।

27 को अकाल तख्त के जत्थेदार की सिख समाज से बैठक
पंजाब के मौजूदा हालात को लेकर अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह सिख समाज से 27 मार्च को बैठक करेंगे। इस बैठक में कई बुद्धिजीवी पहुंचेंगे। बैठक में विचार विमर्श किया जाएगा कि किस तरह पंजाब में बिगड़ रहे हालातों को सही किया जा सके। इस बैठक पर इंटेलिजेंस और सरकार की भी पूरी नजर है।

पत्नी से पूछताछ हुई, बब्बर खालसा की एक्टिव मेंबर है किरणदीप
पुलिस की टीम बुधवार को SP रैंक की एक महिला अधिकारी को लेकर अमृतपाल के घर पहुंची। तकरीबन 40 मिनट तक यह टीम अमृतपाल के घर में रुकी। जानकारी के अनुसार पुलिस ने उसकी मां से बातचीत की। साथ ही अमृतपाल की पत्नी किरणदीप सिंह के साथ भी पूछताछ हुई है।

किरणदीप कौर के संबंध बब्बर खालसा इंटरनेशनल के साथ सामने आए हैं। इतना ही नहीं, किरणदीप कौर को UK की पुलिस ने 2020 में बब्बर खालसा के लिए पैसे इकट्‌ठे करने के आरोप में गिरफ्तार भी किया था।

अमृतपाल ने हुलिया बदला, पुलिस ने जारी की तस्वीरें
मंगलवार को अमृतपाल की एक तस्वीर सामने आई, जिसमें उसका हुलिया बदला हुआ है। उसने दाढ़ी कटवा ली है, पारंपरिक सिख बाणा उतार दिया है और पिंक रंग की पगड़ी में हैं। ब्रेजा कार छोड़ने से पहले वह नंगल अंबिया गांव के गुरुद्वारा में रुका था। जहां उसने गुरुद्वारे के ग्रंथी रणजीत सिंह व परिवार को एक घंटे के लिए बंधी बनाया था। यहीं अमृपाल ने अपना हुलिया भी बदला था।

अमृतपाल सिंह का हैंडलर गिरफ्तार
अमृतपाल सिंह का हैंडलर व लंदन में बब्बर खालसा इंटरनेशनल का सदस्य अवतार सिंह खंडा को गिरफ्तार कर लिया गया है। लंदन में अवतार खंडा ने भारतीय उच्चायोग की बिल्डिंग पर से तिरंगा उतारा और उसका अपमान किया।

इसके बाद भारत में UK के उच्चायोग को तलब किया गया। जिसके बाद एक ही दिन में UK पुलिस अवतार खंडा को गिरफ्तार कर लिया। खंडा खालिस्तान समर्थक संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल का मेंबर और अमृतपाल का हैंडलर है। वह पाकिस्तान में बैठे आतंकी परमजीत सिंह पम्मा का भी खास है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here