एडीजी मेरठ जोन ध्रुवकांत ठाकुर का शनिवार को हैकर्स ने ऑफिशियल इंस्टाग्राम एकाउंट हैक कर लिया। करीब नौ घंटे तक एकाउंट हैक रहा। साइबर एक्सपर्ट की टीम लगी, जिसने एकाउंट रिकवर किया। हैकर्स ने क्रिप्टो करेंसी की पोस्ट से ठगी का प्रयास भी किया। पता लगाया जा रहा है एकाउंट कहां से और किसके द्वारा हैक किया गया। अपर पुलिस महानिदेशक ध्रुवकांत ठाकुर का जोन मेरठ के नाम से इंस्टाग्राम पर ऑफिशियल एकाउंट है। शनिवार सुबह सूचना मिली ऑफिशियल एकाउंट हैक हो गया है। उस पर एलन मस्क की फेक आईडी से क्रिप्टो करेंसी से जुड़ी पोस्ट डाली गई है।
एडीजी ने तत्काल एकाउंट रिकवर के लिए साइबर टीम को लगाया। करीब 25 मिनट बाद एक्सपर्ट्स ने एकाउंट को हैकर से मुक्त करा लिया। टीम की मानें तो शनिवार आधी रात करीब एक बजे हैकर्स द्वारा एकाउंट हैक किया गया था, जो करीब नौ घंटे तक हैकर्स के नियंत्रण में रहा। यह पहला मौका था, जब एडीजी का इंस्टाग्राम एकाउंट हैक किया गया था।
सजगता फैलाने वाले फंसे
एडीजी के सोशल मीडिया एकाउंट एक टीम हैंडल करती है। लगभग 24 घंटे वह अपडेट रहते हैं। ऑपरेटर ने बिना सोचे समझे अंजान लिंक खोल दिया, जिस पर गणतंत्र दिवस की पोस्ट डली थी। सामान्य मानकर उसे बंद कर दिया गया लेकिन वही लिक हैकर्स का हथियार था।
ऐसे किया गया एकाउंट हैक
साइबर एक्सपर्ट आर्या त्यागी बताते हैं कि इस तरह के हैक लिंक की मदद से होते हैं। वीपीएन के जरिए यह एकाउंट हैक हुआ। खास बात यह है कि किसने इसे हैक किया, यह आसानी से पता नहीं चल पाता और हर बार खुलने पर यह नई लोकेशन दिखाता है। लिक खुलते ही नियंत्रण हैकर्स के पास चला जाता है।
ऐसे करें एकाउंट
– संदिग्ध पोस्ट को नजर अंदाज करें।
– टू स्टेप ओथेंटिकेशन को हमेशा एक्टिव रखें।
– सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से बातचीत से बचें।
– एकाउंट पासवर्ड नियमित रूप से अपडेट करते रहें।
– सार्वजनिक व अंजान वाईफाई नेटवर्क के प्रयोग से बचें।
एडीजी जोन, ध्रुवकांत ठाकुर ने कहा कि हैकर ने लिंक भेजकर हैक किया था। इसके लिए पहले से गणतंत्र दिवस पोस्ट का इस्तेमाल किया गया। सूचना मिलते ही 25 मिनट में एकाउंट रिकवर हो गया। जानकारी की जा रही है कि किसने और क्यों यह हैक किया।