उत्तराखंड में शनिवार के बाद आज रविवार को भी बारिश, बर्फबारी जारी

उत्तराखंड में शनिवार के बाद आज रविवार को भी बारिश, बर्फबारी जारी है। जिससे पूरे राज्य में खून जमाने वाली ठंड पड़ रही है। लोग घरों में दुबके हुए हैं। वहीं पहाड़ी इलाकों में अलाव जलाकर लोग गुजर-बसर कर रहे हैं। बर्फबारी की वजह से गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे कई जगह पर बंद पड़ा हुआ है। हरिद्वार में सुबह तक हल्की बूंदाबांदी के बाद दस बजे बाद आसमान खुल गया। पूरे दिन धूप तो खिली, लेकिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान गिर गया। इससे ठंडी हवाएं चली और लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। 
चकराता, धनोल्टी और औली में बर्फबारी
देहरादून में रविवार सुबह भी हल्की बारिश जारी रही। हालांकि बाद में धूप खिल आईऔर फिर मौसम खराब हो गया। मसूरी में देर रात से बारिश हो रही है। शहर में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। चारधामों में बर्फबारी हुई है। रुद्रप्रयाग जिले में सुबह से बारिश हो रही है। केदारनाथ में बर्फबारी हुई है। चमोली जनपद में लगातार बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। चकराता, धनोल्टी और औली के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है।

यमुनोत्रीधाम सहित यमुना घाटी में रविवार सुबह से बारिश और बर्फबारी हो रही है। मौसम के इस मिजाज से लोग घरों में दुबके हुए हैं। बर्फबारी-बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे अभी भी बंद है। यहां तक की मार्ग खोलने का कार्य भी शुरू नहीं हो पाया है। यमुनोत्री क्षेत्र में आए आठ पर्यटक अभी भी जानकीचट्टी में ही फंसे हुए हैं। वहीं दोपहर बाद राडी टॉप के पास बंद यमुनोत्री हाईवे बड़कोट तक छोटी वाहनों के लिए खुल गया। जिसके बाद  चिन्यालीसौड़ से लौट रहे भाजपाई सहित कई फंसे लोग अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

उत्तरकाशी के चारों ओर चोटियां बर्फ से लकदक हो गईं हैं। नई टिहरी में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है। बर्फबारी के कारण चंबा- मसूरी मोटर मार्ग पर दूसरे दिन भी वाहनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। श्रीनगर में रात 11 बजे से बारिश हो रही है। यहां विद्युत आपूर्ति भी ठप है।

कुमाऊं में पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों और नैनीताल के चाइन पीक पर बर्फबारी हुई है। पंतनगर, रानीखेत,  जसपुर, भवाली, रुद्रपुर, पिथौरागढ़, लोहाघाट, डीडीहाट, नैनीताल में तड़के से बारिश हो रही है। वहीं रामनगर में धूप खिली हुई है।

केदारकांठा में ट्रैकिंग बंद

पुरोला में मोरी ब्लॉक के गोविंद वन्य जीव विहार क्षेत्र के केदारकांठा में करीब पांच फीट बर्फ पड़ी हुई है। इस ट्रेक पर ट्रैकिंग बंद कर दी गई है। महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, अहमदाबाद से आए करीब 120 पर्यटक बिना ट्रेक किए ही वापस चले गए हैं। हरकीदून प्रोटेक्शन एंड माउंनटेनिरिंग एसोसिएशन के सचिव चैन सिंह रावत ने यह जानकारी देते हुए बताया कि करीब 150 पर्यटक अभी भी सांकरी में ही कैंप किए हुए हैं।

भारी बर्फबारी के कारण सांकरी जखोल, सांकरी तालुका मोटर मार्ग यातायात हेतु अवरुद्ध हो गया है। चार गांव ओसला, पंवाणी, ढाटमीर, गंगाड़ व जखोल न्याय पंचायत के लिवाड़ी फिताड़ी, रेक्चा, कांसला, हरीपुर का भारी हिमपात के कारण तहसील मुख्यालय मोरी से संपर्क कट गया है।


20 गांव बर्फ की सफेद चादर से ढके पिंडरघाटी में बर्फबारी व बारिश से जन-जीवन अस्त व्यस्त रहा। 20 गांव बर्फ की सफेद चादर से ढके हैं। लगातार हो रही बारिश से निचले क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई। उंचाई वाले क्षेत्रों में पशुपालकों और किसानों को दिक्कत हो रही है। थराली के गुमड़, कलचूना, हरिनगर लेटाल, रतगांव, रूईसाण, तैलाण, घिनपाणी, गेरूड़ गांव बर्फ की कैद में हैं। वहीं, निचले क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश से कई सड़कें बंद हो गई है।

देवाल क्षेत्र में बारिश व बर्फबारी से रूपकुंड, वेदनी, बगुवावासा, बगजी, ब्रह्मताल, आली बुग्याल में तीन से चार फुट बर्फ पड़ी है। बुग्यालों में लगातार हो रही बर्फबारी से हिमालयी क्षेत्र के गांव वाण, घेस, कुलिंग, वांक, लोहाजंग, रामपुर, तोरती, सोरीगाड़ सहित 24 से अधिक गांव शीतलहर की चपेट में हैं।

बदरीनाथ और मलारी हाईवे पर जगह-जगह हिमखंड टूटे
बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) ने तिब्बत (चीन) सीमा क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़कों से बर्फ हटाना शुरू कर दिया है। दो दिनों तक हुई अत्यधिक बर्फबारी से बदरीनाथ हाईवे और जोशीमठ-मलारी हाईवे पर कई फीट बर्फ जम गई है। जिससे सेना और आईटीबीपी के साथ ही स्थानीय ग्रामीणों के वाहनों की आवाजाही भी थम गई है। रविवार को दोपहर बाद मौसम सामान्य होने के बाद बीआरओ ने जेसीबी और मजदूरों के जरिए दोनों हाईवे से बर्फ हटाने का काम भी शुरू कर दिया है। बदरीनाथ हाईवे हनुमान चट्टी से आगे बर्फ से बंद है।

जोशीमठ- मलारी हाईवे पर 10 से 15 फीट बड़े-बड़े हिमखंड टूटकर सड़क पर आए हैं। जिससे सेना के वाहन सेना की अग्रिम चौकियों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। बदरीनाथ-माणा और माणा पास तक हाईवे पर जगह-जगह भारी मात्रा में बर्फ जमी है। बर्फबारी से बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान का कार्य भी ठप पड़ गया है। बेनाकुली, हनुमान चट्टी और इससे आगे ऑलवेदर रोड का कार्य भी प्रभावित हो गया है। बीआरओ के कमांडर कर्नल मनीष कपिल ने बताया कि हाईवे से बर्फ हटाने के लिए चार जेसीबी मशीनें और 20 से अधिक मजदूर लगाए गए हैं। कड़ाके की ठंड के बावजूद हाईवे को खोलने का काम जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here