बारिश के बाद का असर,महेशमुंडा अंडरपास में जलभराव, लोगों को आवागमन में हो रही समस्या

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से बेंगाबाद स्थित महेशमुंडा अंडरपास में घुटने से भी ज्यादा पानी भर गया है। इसकी वजह से लोगों को आवाजाही करने में काफी समस्या हो रही है। गिरिडीह-जामताड़ा मेन रोड के बीच यह अंडरपास बनाया गया है। इस रास्ते से तकरीबन हजारों लोग झारखंड, बंगाल और बिहार जाते हैं।

अंडरपास में पानी भर जाने से दो पहिया वाहन चालक रेलवे ट्रैक पार कर रास्ता क्रॉस करने पर मजबूर हो गए हैं।

बीते 6 माह पूर्व स्थानीय ग्रामीणों ने अंडरपास से पानी निकासी की समस्या को ठीक कराने की मांग पर रेलवे के खिलाफ सड़क जाम किया था। वहीं, रेलवे अधिकारियों ने इसे बनाने का आश्वासन दिया था, पर इसे नहीं बनाया गया। लिहाजा मानसून की बारिश शुरू होते ही जलभराव का विकराल रूप देखने को मिल रहा है।

वहीं, जामताड़ा स्थित पबिया में रात से लगातार बारिश हो रही है। इससे खेत, तालाब पूरी तरह से भर गए हैं। लगातार बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। रात में हुई रिकॉर्ड तोड़ बारिश अभी भी जारी है। इस बारिश में भी जान जोखिम में डालकर कुछ लोग जगह-जगह मछली पकड़ने के लिए बहाव में जाल डाल रहे हैं। इधर, एक घर में ईंट की बाउंड्री गिर गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here