मानसिक रूप से आज भी सीएम की कुर्सी से नहीं उतर पाए अखिलेश: एसपी बघेल

केंद्रीय राज्यमंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल बुधवार को मैनपुरी पहुंचे। उन्होंने यहां उन्होंने पत्रकार वार्ता कर अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। एसपी सिंह ने कहा कि आज भी अखिलेश यादव मानसिक रूप से मुख्यमंत्री की कुर्सी से नहीं उतर पाए हैं। इसी का नतीजा रहा कि उन्हें आजमगढ़ सीट गवानी पड़ी। 

स्टेशन रोड स्थित भाजपा के चुनाव कार्यालय पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अपनी सुविधा का ध्यान रखते हुए आजमगढ़ उपचुनाव में अपने भाई के लिए वोट मांगने नहीं गए। इसका नतीजा धर्मेंद्र यादव को हार के रूप में मिला। उन्होंने कहा कि जिन्हें सपा अपना गढ़ कहती थी वह फिरोजाबाद, कन्नौज, बदायूं पहले ही ध्वस्त हो चुके हैं। इस चुनाव में मैनपुरी का गढ़ भी नहीं बचेगा। 

भाजपा की जीत का किया दावा  

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव सपा और बसपा ने गठबंधन से लड़ा था। मैनपुरी से मुलायम सिंह यादव जैसे कद्दावर नेता सपा से मैदान में थे, तब उनकी लाखों की जीत हजारों में सिमट गई। इस बार न तो गठबंधन है और न ही मुलायम सिंह यादव जैसा नेता, इसलिए भाजपा की जीत सुनिश्चित है। बसपा के वोट बैंक के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बसपा के कोर वोट बैंक अनुसूचित जाति को ही मिला है। ऐसे में इस बार भाजपा को ही बसपा का वोटर समर्थन करेगा।उन्होंने कहा पहले जहां मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव नामांकन दाखिल करने के बाद केवल एक सभा करने आते थे और जीत का प्रमाण पत्र ले जाते थे। इस बार पूरा परिवार घर-घर जाकर वोट मांग रहा है, सभी के चेहरे पर हताशा साफ नजर आ रही है। उन्होंने हर हाल में भाजपा की जीत का दावा किया। 

नेताओं ने किया जनसंपर्क

बरनाहल कस्बे में भाजपा प्रत्याशी रघुराज शाक्य ने संपर्क किया। वहीं योगी सरकार की पूर्व खनन मंत्री व छिबरामऊ से भाजपा विधायक अर्चना पांडेय ने किशनी क्षेत्र में जनसंपर्क किया। वहीं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष डॉ. एसपी लहरी ने विधानसभा करहल के अंतर्गत विभिन्न गांव में प्रचार प्रसार किया। इसके अलावा पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, विधायक रामनरेश अग्निहोत्री, एटा सांसद राजवीर सिंह ने जनसंपर्क किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here