अखिलेश यादव- यूपी चुनाव में बूथ पर हमला करेगी बीजेपी, इससे सतर्क रहना होगा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के कारण लोकतंत्र कमजोर हुआ है। संवैधानिक संस्थाओं पर हमला हो रहा है। भाजपा लोकतांत्रिक प्रणाली के विरुद्ध साजिश रच रही है। भाजपा का हमला 2022 के चुनाव में बूथ पर होगा, इससे सतर्क रहना होगा।

अखिलेश ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि भाजपा को इस पर भी कोई लाज नहीं आती कि उनकी सरकार ने वर्ष 2017 का अपना संकल्प पत्र का एक भी पन्ना नहीं पढ़ा। भाजपा की वादाखिलाफी करने की प्रवृत्ति भी भ्रष्टाचार ही है। भाजपा द्वारा बिना कोई जनहित काम किए सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग करना जनता के साथ धोखा है।

उन्होंने कहा कि गन्ने का बकाया, बिजली बिल बढ़ोत्तरी, बुनकरों की समस्या, बेरोजगारी की समस्या, महिला उत्पीड़न, अपराध के आंकड़ों में आज यूपी अन्य राज्यों से आगे है। समाज का प्रत्येक वर्ग परेशान और दुखी है। सरकारी लूट से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। भाजपा सिर्फ झूठ फैलाकर दूसरे के कामों को अपना बताने में लगी है। नोटबंदी और जीएसटी ने अर्थव्यवस्था को कमजोर कर दिया है। पांच ट्रिलियन का सपना दिखाने वाली सरकार सिर्फ  जनता को गुमराह करने का षड्यंत्र कर रही है।

उन्होंने कहा कि  प्रदेश की जनता अब प्रोग्रेसिव सरकार चाह रही है। सेकुलर और समाजवादी राजनीति ही समाज को बचाएगा। कई समाज के हिस्से जिन्हें सम्मान नहीं मिल पाया उनका भरोसा सरकार ने तोड़ा है। जनता के लिए जो काम होना चाहिए था नहीं हुआ। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के विकास को पीछे कर दिया है। वर्ष 2022 में जनता समाजवादी सरकार बनाने के लिए तैयार है। जिसका लक्ष्य सामाजिक न्याय है। उत्तर प्रदेश को खुशहाल और समृद्ध बनाना ही समाजवादी पार्टी का लक्ष्य है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here