मां बम्लेश्वरी मंदिर में दिखा अद्भुत नजारा:मानसून के आने से पहले बादल पहुंचे मंदिर

छत्तीसगढ़ के दुर्ग संभाग में मानसून ने दस्तक दे दी है। ट्विनसिटी में पहले दिन ही 23.6 मिमी की रिकॉर्ड बारिश हुई। साल 2011 से 2021 तक 10 जून की तिथि में पहली बार बारिश दर्ज की गई है। साथ ही इन दस सालों में पहली बार दिन का तापमान सबसे कम 30.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। इससे पहले सबसे कम दिन का तापमान 10 जून 2013 को 30.4 डिग्री दर्ज किया गया था।

मां बम्लेश्वरी मंदिर की पहाड़ियों का नजारा

वहीं राजनांदगांव जिले में लगातार तीन दिन से हो रही बारिश के बाद मां बम्लेश्वरी के दरबार डोंगरगढ़ में भी अद्भुत नजारा देखने को मिला। मंदिर में ऊंचाई से ली गई तस्वीर में चारों तरफ बादल ही बादल नजर आ रहे हैं। ऐसा लग रहा कि मानसून के बादल बरसने से पहले मां बम्लेश्वरी का आशीर्वाद लेते हुए आगे बढ़ रहे हो।

इस तस्वीर को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी ट्वीट कर शेयर किया है। उन्होंने लिखा कि बादलों का यह दृष्य देखिए, डोंगरगढ़ की पहाड़ियों में 1400 फिट ऊपर स्थित मां बम्लेश्वरी का आशीष पाने ये बादल पहुंचे।

सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट किया।

सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट किया।

वहीं दुर्ग जिले में गुरुवार को दिन का तापमान 30.2 डिग्री और रात का तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों के बीच सिर्फ 7 डिग्री का अंतर रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसकी तुलना में गुरुवार के दिन का तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। शुक्रवार को सुबह से ही घने बादल रुक-रुक कर बरस रहे है, जिससे ट्विनसिटी के लोगों को गर्मी से राहत मिली।

राज्य में 1142 मिमी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक इस साल मानसून की विशे‌षता भी रही है कि बंगाल की खाड़ी की अपेक्षा पश्चिमी तटों में मानसून तेजी से सक्रिय हुआ और आगे बढ़ा । महाराष्ट्र,ओड़िशा, गुजरात, मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्से में मानसून तेजी से पहुंच गया और इसी वजह से छत्तीसगढ़ में भी इस ओर से समुद्री हवा पहुंचने लगी। इस साल औसत के आसपास बारिश रहेगी। छत्तीसगढ़ में औसत बारिश 1142 मिमी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here