हुंडई की लोकप्रिय मिड-साइज SUV क्रेटा ने एक बार फिर बाज़ार में अपना दबदबा साबित कर दिया है। लगातार तीसरे महीने यह देश की सर्वाधिक बिकने वाली कार बनी है। जून 2025 में कंपनी ने क्रेटा की कुल 15,786 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है। इस प्रदर्शन के साथ ही यह SUV कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में अपनी मज़बूत स्थिति बनाए रखने में सफल रही है।
हुंडई क्रेटा को पहली बार 2015 में पेश किया गया था और तब से यह गाड़ी अपने शानदार डिज़ाइन, विशाल केबिन, एडवांस फीचर्स और इंजन विकल्पों के चलते ग्राहकों की पसंद बनी हुई है। यह पेट्रोल और डीज़ल दोनों इंजन ऑप्शन में आती है, साथ ही ऑटोमैटिक और मैनुअल ट्रांसमिशन का भी विकल्प मिलता है। इसकी कीमत ₹11.11 लाख से शुरू होकर ₹20.50 लाख (एक्स-शोरूम) तक जाती है।
प्रमुख फीचर्स:
- 10.25 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम (एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो सपोर्ट के साथ)
- पैनोरमिक सनरूफ
- बोस प्रीमियम साउंड सिस्टम
- 360 डिग्री सराउंड व्यू कैमरा
- छह एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट जैसे सेफ्टी फीचर्स
12 लाख से अधिक यूनिट्स की बिक्री का रिकॉर्ड
हुंडई मोटर इंडिया के COO तरुण गर्ग ने जानकारी दी कि अब तक देशभर में 12 लाख से अधिक यूनिट्स क्रेटा की बिक चुकी हैं। उन्होंने कहा कि, “क्रेटा अब केवल एक वाहन नहीं, बल्कि लाखों भारतीय परिवारों की भावनाओं से जुड़ी पहचान बन चुकी है।” उन्होंने यह भी बताया कि 2015 में लॉन्चिंग के बाद से हर साल यह भारत की सबसे अधिक बिकने वाली मिड-साइज SUV रही है।
जून 2025 में क्रेटा को जो सफलता मिली है, वह इसके 10 साल पूरे होने के अवसर पर ग्राहक भरोसे का प्रतीक मानी जा रही है।