मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स ने अप्रैल 2023 में लॉन्च होने के बाद से एक्सपोर्ट के मामले में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह मेड-इन-इंडिया कार अब सबसे ज्यादा निर्यात होने वाली वाहन बन गई है। फ्रॉन्क्स ने हुंडई वर्ना को भी पीछे छोड़ दिया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 में फ्रॉन्क्स की 69,133 यूनिट्स का निर्यात किया, जो पिछले वित्त वर्ष 2024 के 14,887 यूनिट्स की तुलना में 364% अधिक है। इस दौरान हुंडई वर्ना का निर्यात 52,615 यूनिट्स रहा।
जापान में भी बढ़ी मांग
वित्त वर्ष 2025 में फ्रॉन्क्स ने निर्यात में पांच स्थानों की छलांग लगाकर नंबर 1 यूवी का दर्जा हासिल कर लिया। जापान में मांग बढ़ने के कारण फ्रॉन्क्स का निर्यात तेजी से बढ़ा। 13 अगस्त 2024 को पिपावाव पोर्ट से 1,600 फ्रॉन्क्स एसयूवी की पहली खेप जापान में सुजुकी मोटर कॉर्प को भेजी गई। इसके साथ ही फ्रॉन्क्स, जापान में लॉन्च होने वाली भारतीय ओईएम की पहली एसयूवी बन गई। इससे पहले, 2016 में बलेनो हैचबैक जापानी बाजार के लिए दूसरा मेड-इन-इंडिया मॉडल था।
जापान में खास मॉडल
जापान में फ्रॉन्क्स का एक अलग और उन्नत संस्करण बेचा जा रहा है। इसमें माइल्ड हाइब्रिड तकनीक वाला 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन है। खास बात यह है कि जापानी बाजार में फ्रॉन्क्स को AWD (ऑल व्हील ड्राइव) सिस्टम के साथ पेश किया गया है, जबकि अन्य देशों में इसे केवल FWD (फ्रंट व्हील ड्राइव) सिस्टम के साथ बेचा जाता है। सुजुकी मोटर कॉर्प ने एसयूवी की लॉन्चिंग से पहले टोक्यो, नागोया और ओसाका के बुलेट ट्रेन स्टेशनों पर इसका प्रचार शुरू कर दिया था।
भारत में कीमत और वेरिएंट
भारत में मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स की कीमत ₹7.54 लाख से ₹13.04 लाख (एक्स-शोरूम) के बीच है। यह कार कुल 16 वेरिएंट्स में उपलब्ध है। बेस मॉडल Sigma और टॉप मॉडल Alpha है। फ्रॉन्क्स एक सब-कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर एसयूवी है, जिसमें कूप जैसा डिज़ाइन और मजबूत एसयूवी कैरेक्टर है। माइलेज की बात करें तो यह मॉडल और वेरिएंट के आधार पर 16 से 30 किलोमीटर प्रति लीटर तक देती है।