बिहार: आनंद मोहन की रिहाई के समर्थन में आए भाजपा सांसद

पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई के आदेश पर राजनीतिक रिएक्शन तेजी से आ रहे हैं। अब सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने रिहाई का स्वागत किया है। लेकिन साथ ही उन्होंने बाहुबली नेता व पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह की रिहाई की मांग भी कर दी है। रूडी अभी तक भाजपा के पहले ऐसे नेता हैं, जिन्होंने खुलकर आनंद मोहन की रिहाई का समर्थन किया है।

उन्होंने आज कहा है कि रिहाई साबित करती है कि आनंद मोहन को जानबूझकर षड्यंत्र का शिकार बनाया गया था। अब राज्य सरकार को प्रायश्चित भी करना चाहिए। नीतीश कुमार और लालू यादव को माफी भी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि आनंद मोहन की राजनीतिक यात्रा को पूरी तरह समाप्त करने का हर कदम उठाया गया था। जब आनंद मोहन को सजा हुई तब लालू प्रसाद यादव बिहार के मुख्यमंत्री थे। भीड़ द्वारा की गई दुर्घटना की पूरी जिम्मेदारी आनंद मोहन पर डालकर तत्कालीन सरकार के प्रयास से उन्हें दोषी ठहराया गया था। अब वर्तमान सरकार ने अपनी लोकप्रियता धूमिल होते देख उनकी रिहाई का निर्णय लिया है। यह उनके निर्दोष होने को सिद्ध करता है। उम्मीद है कि वो एक बार फिर सक्रिय राजनीति में आकर जनसेवा करेंगे।

बता दें कि आनंद मोहन की राजनीतिक यात्रा राजीव प्रताप रुडी के साथ ही शुरू हुई थी। दोनो 1990 में एक साथ विधायक बने थे। बिहार पीपुल्स पार्टी के संस्थापक सदस्य है रुडी। रुडी के साथ ही आनन्द मोहन ने पार्टी का गठन किया था।

प्रभुनाथ सिंह की रिहाई की मांग

रूडी ने कहा है कि बिहार में एक समय एक जाति विशेष के व्यक्ति सरकार प्रायोजित षड्यंत्र का शिकार होते रहे। इसमें प्रभुनाथ सिंह भी शामिल हैं। उन्हें भी जेल से रिहा करना चाहिए। प्रभुनाथ सिंह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी राजनीति में सहयोग करते रहे हैं। उन्हें भी किसी न किसी परिस्थिति में इन्हीं सरकारों ने मिलजुलकर जेल भिजवाया था। उन्हें भी सरकार को जेल से छोड़ना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here