बिजनौर: कैमिकल फैक्ट्री में हादसा, तीन झुलसे, सीएम योगी ने लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर की एक कैमिकल फैक्ट्री में भाप के प्रेशर से झुलसे लोगों के मामले का संज्ञान लिया है। इस हादसे में एक की मौत हो गई है जबकि दो लोग घायल हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिला तथा पुलिस प्रशासन को फैक्ट्री पर नजर रखने के साथ दोनों घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार रात बिजनौर की एक पेट्रो कैमिकल फैक्ट्री की दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए मृतक के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इसके साथ ही जिला प्रशासन को दोनों घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य सुनिश्चित कराएं। उन्होंने जिला प्रशासन को दुर्घटना के कारणों की जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र के नगीना मार्ग पर शनिवार को एक फैक्ट्री हुए हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई थी, जबकि दो गंभीर रूप से झुलस गए। रविवार को मुख्यमंत्री की ओर से संज्ञान लेने के बाद अफसर फैक्ट्री की ओर दौड़ पड़े। एडीएम और एसपी सिटी ने फैक्ट्री में जांच की। स्टाफ और मैनेजर से पूछताछ की गई है। इस फैक्ट्री मैनेजर ने हादसे में पीड़ित पक्ष से समझौते होने की बात कही है।

नगीना मार्ग पर एक रबर फैक्ट्री में शनिवार को बायलर के पाइप को श्रमिक ठीक कर रहे थे। इसमें गर्म पानी के साथ स्टीम भी भरी होती है। इसी दौरान खौलता पानी काम कर रहे शहर कोतवाली के गांव रावणपुर के 47 वर्षीय प्रकाशचंद शर्मा, गांव गंगावाला निवासी सुरेश और गांव गंगोडा शेख निवासी सुभाष पर गिर गया। तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। प्रकाशचंद शर्मा की हालत गंभीर देख उसे दिल्ली भेजा गया। बाकी दो को बिजनौर बीना प्रकाश हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया।

प्रकाशचंद शर्मा की शनिवार को दिल्ली में मौत हो गई थी। फैक्ट्री प्रबंधन ने पीड़ित पक्ष से समझौता कर लिया। पुलिस-प्रशासन को इसकी सूचना नहीं दी गई। मामला मीडिया में आने के बाद रविवार को मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया। एडीएम भगवान शरण और एसपी सिटी प्रवीण रंजन, सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता फैक्ट्री पहुंच गए। इस दौरान फैक्ट्री में दो घंटे जांच की। मैनेजर दिवाकर झा से पूछताछ के बाद कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई गई। एक टीम मृतक के गांव भेजी गई है। एसपी सिटी प्रवीण रंजन ने बताया कि जांच की जा रही है। मृतक का अंतिम संस्कार हो चुका है। पीड़ित पक्ष से तहरीर लेने के लिए पुलिस गांव भेजी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here