भाजपा सत्ता में और रही तो वोट डालने का अधिकार भी छीन लेगी: अखिलेश

कन्नौज जिले में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायत के चुनाव पार्टी सिंबल से लड़ाएगी। साइकिल चिह्न से प्रत्याशी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। रामपुर व मैनपुरी में हुए उपचुनाव पर कहा कि पुलिस-प्रशासन ने मतदाताओं को निकलने ही नहीं दिया। भाजपा यदि सत्ता में और रही तो वोट डालने का भी अधिकार छीन लेगी।

शहर में युवा सपा नेता राजेश पाल के पिता के निधन के बाद शोक संवेदना जताने मंगलवार को पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि वह पूर्व माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल के निधन पर शोक संवेदना के लिए आए थे। कन्नौज में जब भी कोई कार्यक्रम होता है, वह आते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने जो एक वोट का अधिकार दिया था, अगर भारतीय जनता पार्टी रही तो वह भी छीन लेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जो संविधान डॉ. आंबेडकर ने दिया और सिद्धांत राममनोहर लोहिया ने दिया, सभी लोग एक होकर भाजपा को हटाने में लग जाएं। भाजपा धोखा, साजिश, फरेब, झूठ बोलती है। जिस तरह रामपुर के उपचुनाव में देखा गया लोगों को वोट डालने के लिए घर से नहीं निकलने दिया गया। लोकतंत्र में चुनाव आयोग का काम अधिक से अधिक वोट प्रतिशत पर होता है लेकिन सुनवाई नहीं की। 

प्रत्याशियों पर जल्द मांगे प्रस्ताव
सपा मुखिया ने कहा कि अभी तक आरक्षण नहीं आया था लेकिन चेयरमैन पद का आरक्षण आ गया है। जिलों में कमेटियां व इकाइयां बनीं हैं। सपा से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के प्रस्ताव आदि जल्द भेजने को कहा।

जहां भाजपा के मेयर, वहां फैला डेंगू
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर तंज भी कसा। बोले, जहां-जहां भाजपा के मेयर व चेयरमैन हैं, वहां गंदगी देखने को मिलती है। डेंगू भी वहीं फैला है। निकाय चुनाव के लिए सपा पूरी तरह से तैयार है। चुनाव में अच्छा प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा कि कन्नौज में भी गंगाजी में नालों का पानी जाता है। सीवरेज सिस्टम सही नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here