शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे दिल्ली-अमृतसर हाईवे पर एक तेज गति से आ रहे कैंटर ने छबील के स्टॉल को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर एक युवक की जान चली गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे चंडीगढ़ के जीएमसीएच सेक्टर-32 रेफर किया गया है।
हादसे के समय स्टॉल पर लोग छबील बांटने और पीने में व्यस्त थे। टक्कर के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अंबाला सिटी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कैंटर चालक हादसे के बाद फरार
दुर्घटना के बाद कैंटर चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। टक्कर में एक एक्टिवा और एक जुगाड़ बाइक रेहड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल पर चप्पलें, जूते और प्लास्टिक के गिलास बिखरे पड़े थे। गर्मी से राहत देने के लिए समाजसेवियों ने राहगीरों के लिए छबील का आयोजन किया था।
मृतक और घायलों की पहचान
हादसे में सहारनपुर निवासी फिरोज, जो जुगाड़ रेहड़ी पर सवार था, की मौके पर मौत हो गई। मृतक के भाई सलमान ने बताया कि वह, फिरोज और जीशान खरड़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में छबील पीने के लिए रुके थे, तभी यह दुर्घटना हुई। जीशान गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे चंडीगढ़ रेफर किया गया।
अन्य घायलों में गोबिंदगढ़ के सुमित (22) व उनकी पत्नी शालू (23), मोहाली निवासी सुरिंद्र सिंह (42) और एक्टिवा चालक आसिफ शामिल हैं। सुमित व शालू लुधियाना जा रहे थे।