नई दिल्ली। उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना के निर्देशानुसार दिल्ली सरकार के सेवा विभाग ने सोमवार को 23 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले और तैनाती से संबंधित आदेश जारी किए। इनमें से कई अधिकारी ऐसे भी शामिल हैं जिन्हें पहले तबादले के बाद कोई स्पष्ट जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई थी। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माने जाएंगे।
जारी आदेश के तहत दिलराज कौर को प्रमुख सचिव (सामान्य प्रशासन विभाग), प्रमुख सचिव (समाज कल्याण) एवं प्रमुख सचिव (एससी/एसटी/ओबीसी कल्याण) की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नंदिनी पालीवाल को आयुक्त (व्यापार एवं कर) नियुक्त किया गया है, जबकि नीरज सेमवाल को सचिव (राजस्व) व मंडल आयुक्त के साथ-साथ सचिव (भूमि एवं भवन) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
डीटीसी की जिम्मेदारी निहारिका राय को
निहारिका राय को परिवहन आयुक्त की भूमिका के साथ-साथ दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की अध्यक्षता भी सौंपी गई है। इससे पूर्व, यह पद आमतौर पर परिवहन मंत्री के पास ही रहता था। वहीं पांडुरंग के. पोल को सचिव (उच्च शिक्षा एवं तकनीकी प्रशिक्षण शिक्षा) नियुक्त किया गया है।
अन्य अहम तैनातियां
दिल्ली वापसी के बाद रश्मि सिंह को सचिव (महिला एवं बाल विकास) बनाया गया है। कृष्ण कुमार को आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), रवि धवन को दिल्ली जल बोर्ड में सदस्य (प्रशासन), जबकि संजीव कुमार मित्तल को डीएम मुख्यालय के साथ निदेशक (कृषि विपणन) की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
वित्त और परिवहन विभाग में भी बदलाव
बीएस जगलान को जल बोर्ड में सदस्य (वित्त) नियुक्त किया गया है। प्रिंस धवन को डीटीसी के प्रबंध निदेशक (MD) के साथ-साथ परिवहन विभाग में विशेष आयुक्त का कार्यभार सौंपा गया है। वहीं केंद्र से वापस आए रवि दधीच को विशेष सचिव (विद्युत) की जिम्मेदारी दी गई है।
जिलाधिकारियों और अन्य विभागों में नई तैनातियां
- सौम्या सौरभ को उत्तर पश्चिम जिले का जिलाधिकारी (DM) बनाया गया है।
- अंकिता आनंद को महिला एवं बाल विकास विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी मिली है।
- मेकला चैतन्य प्रसाद को दक्षिण पश्चिम जिले का जिलाधिकारी बनाया गया है।
- डॉ. अनिल अग्रवाल को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी का प्रधान निदेशक नियुक्त किया गया है।
- विवेक कुमार त्रिपाठी को प्रशासनिक सुधार विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।
- लक्ष्य सिंघल को दक्षिणी जिले का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।