मकरंदनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को मकरंदनगर में आयोजित एक निजी कार्यक्रम के दौरान कहा कि भाजपा सरकार केवल दिखावे की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि योग करने से पहले भाजपा नेताओं को काली नदी की सफाई करनी चाहिए। केवल योगाभ्यास से आम जनता स्वस्थ नहीं हो पाएगी, इसके लिए नदियों को साफ करना और पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाना आवश्यक है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था के विषय पर सरकार से कई सवाल भी किए।
कार्यक्रम स्थल पर पूर्व चेयरमैन सुनील कुमार गुप्त के प्रतिष्ठान पर मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने बताया कि कन्नौज में सम्राट हर्षवर्धन और राजमाता अहिल्याबाई की सोने की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, जबकि महाराणा प्रताप की मूर्ति में भाला सोने का होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग अभी से इसका विरोध कर रहे हैं और कुछ पढ़े-लिखे लोग भी बिना ज्ञान के विवादित बातें कर रहे हैं। साथ ही, उन्होंने सरकार के स्कूलों के संविलयन फैसले की भी कड़ी आलोचना की और कहा कि समाजवादी पार्टी इसे स्वीकार नहीं करती।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नौकरी छीन रही है और आरक्षण से बचने के लिए यह कदम उठा रही है। बेटियों की शिक्षा को भी सरकार पीछे हटाने की कोशिश कर रही है। यदि स्कूल दूर होंगे तो सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था कैसी होगी, यह सवाल उन्होंने उठाया। सड़कों की खराब हालत पर तंज कसते हुए कहा कि जब तक भाजपा नेताओं को भोजन-जल का ध्यान नहीं रहेगा, तब तक सड़कें भी सुधर नहीं पाएंगी। उन्होंने बताया कि लोग डामर चुरा ले जा रहे हैं और कन्नौज जिले में भी इसी प्रकार की घटनाएं सामने आई हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शासन में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा में अब मतभेद इतने बढ़ गए हैं कि इंजन के बाद डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं। अफसर और मंत्री-राजनेता आपस में मेलजोल नहीं कर रहे। बिजली की व्यवस्था भी विफल हो चुकी है; एक जिले में अस्पताल की बिजली काट दी गई जिससे डायलिसिस कर रहे एक मरीज की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि यह सरकार जाते-जाते लूट-खसोट कर रही है और ट्रांसफर-पोस्टिंग से लाभ कमाने में लगी है।
सपा सरकार आने पर गरीबों को मुफ्त ई-रिक्शा और तांगा
कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बताया कि सपा की सरकार बनने पर गरीबों को मुफ्त तांगा और ई-रिक्शा उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी मेहनतकशों की सहायता सपा सरकार करेगी। इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष कलीम खान, पूर्व विधायक कलियान सिंह दोहरे, अरविंद सिंह यादव, ताहिर हुसैन सिद्दीकी और मनोज दीक्षित ननकू सहित अन्य नेता मौजूद थे।