सपा कार्यालय खाली कराने पर बवाल, जिलाध्यक्ष समेत कई नेता गिरफ्तार

पीलीभीत के नकटादाना चौराहे पर नगर पालिका ईओ के आवास में लंबे समय से संचालित समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला कार्यालय को खाली कराने की प्रक्रिया बुधवार सुबह करीब 10 बजे शुरू की गई। सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कार्रवाई के दौरान सपा कार्यालय से सटे एक कमरे का ताला तोड़ा गया।

सूचना मिलते ही सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता पहुंच गए। इस दौरान अधिकारियों और सपा पदाधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई, जिसमें पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष को धक्का देकर हटाया। मौके पर कुछ देर के लिए हंगामा भी हुआ। बाद में पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष समेत 15 पदाधिकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। इसके बाद नगर पालिका ने भवन पर कब्जा करते हुए ताला जड़ दिया।

2006 में हुआ था भवन का आवंटन, 2020 में समाप्त हुआ कार्यकाल
नगर पालिका का यह आवास वर्ष 2006 में सपा कार्यालय के उपयोग के लिए आवंटित किया गया था। वर्ष 2020 में आवंटन की अवधि समाप्त हो गई, बावजूद इसके कार्यालय का संचालन जारी रहा। करीब एक माह पूर्व नगर पालिका ने इसे खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की थी।

10 जून को अधिशासी अधिकारी ने कार्यालय खाली करने का नोटिस चस्पा किया था और एसपी व सिटी मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारियों से सहयोग की मांग की थी। मंगलवार को जब कार्यालय खाली कराने की कार्रवाई शुरू हुई, तो सपा पदाधिकारियों की मांग पर प्रशासन ने छह दिन का समय और दिया था।

हंगामे के बीच खाली कराया गया भवन
बुधवार सुबह तय समयसीमा पूरी होने पर अफसर दोबारा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार्यालय खाली कराने की कार्रवाई शुरू की। सपा नेताओं को इसकी भनक लगते ही वे बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच गए। टकराव की स्थिति के बीच प्रशासन ने कार्यालय का ताला खोलकर भवन पर पुनः कब्जा कर लिया और नया ताला डाल दिया।

सपा नेताओं की गिरफ्तारी से तनाव
कार्रवाई के दौरान सपा नेताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसमें सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा, समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार राजू, यूसुफ कादरी, पिंटू यादव सहित 15 से अधिक पदाधिकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सभी को वाहनों में बैठाकर पुलिस लाइन भेजा गया। कार्रवाई के समय नकटादाना चौराहे पर अफरातफरी का माहौल रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here