नोएडा में कुत्तों का कहर: 5 महीने में 74500 लोगों को काटा

उत्तर प्रदेश के नोएडा में आवारा कुत्तों के हमले चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। साथ ही पालतू कुत्तों द्वारा काटने की घटनाएं भी कम नहीं हो रही हैं। प्रतिदिन कुत्तों के काटने के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे आम जनता में भय का माहौल है। कई सोसायटी और सार्वजनिक स्थलों पर हुए हमलों की वीडियो और घटनाएं सामने आ चुकी हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, रोजाना करीब 500 लोग एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने पहुंच रहे हैं।

पिछले कुछ महीनों से नोएडा निवासी लगातार भय के साये में जी रहे हैं। बच्चों ने घर से बाहर खेलना छोड़ दिया है, और स्कूल जाने में भी झिझक रहे हैं। महिलाएं और बुजुर्ग भी अकेले बाहर निकलने से घबरा रहे हैं।

हर सुबह से लेकर देर रात तक कुत्तों के हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं। सरकारी रिपोर्ट बताती है कि गौतम बुद्ध नगर में प्रतिदिन औसतन 500 लोग कुत्तों के काटने का शिकार हो रहे हैं।

जनवरी से मई 2025 तक 74,550 मामले
गौतम बुद्ध नगर के डिप्टी सीएमओ, डॉ. टीकम सिंह ने जानकारी दी कि जनवरी 2025 से मई 2025 के बीच कुत्तों के काटने के 74,550 मामले दर्ज किए गए हैं। इसमें जनवरी में 13,559, फरवरी में 15,830, मार्च में 15,131, अप्रैल में 15,286 और मई में 14,744 लोगों को कुत्तों ने काटा।

आवारा और पालतू, दोनों ही बना रहे हैं खतरा
इनमें से 52,700 से अधिक हमले आवारा कुत्तों द्वारा किए गए, जबकि 16,400 से ज्यादा मामले पालतू कुत्तों से जुड़े हुए हैं। यह दर्शाता है कि पालतू कुत्ते भी अपने मालिकों या उनके आस-पास आने-जाने वाले लोगों पर हमला कर रहे हैं।

अन्य जानवरों से भी खतरा
इन हमलों के बीच अन्य जानवरों के काटने की घटनाएं भी सामने आई हैं। बीते पांच महीनों में 1,100 से ज्यादा बिल्ली और करीब 3,800 बंदर के काटने के मामले दर्ज किए गए हैं।

नोएडा में लगातार बढ़ते इन घटनाक्रमों ने लोगों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here