उत्तर प्रदेश के हरदोई ज़िले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक व्यक्ति ने गुस्से में अपनी पत्नी की नाक काट दी। महिला को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखकर पति आपा खो बैठा और उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
यह मामला हरियावां थाना क्षेत्र के देवरिया प्रसिद्ध नगर गांव का है। पुलिस के अनुसार, महिला अपने प्रेमी सुशील से मिलने उसके घर गई थी। इसी दौरान पति को इसकी भनक लग गई और वह वहां पहुँच गया। प्रेमी के घर पर पत्नी को आपत्तिजनक स्थिति में देखकर पति आगबबूला हो गया और उसने पत्नी की नाक अपने दांतों से काट दी।
घटना के बाद खून से लथपथ महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद लखनऊ रेफर कर दिया। पीड़िता ने पति समेत ससुराल पक्ष पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
हरियावां सर्किल अधिकारी अजीत सिंह चौहान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़िता का इलाज लखनऊ में चल रहा है।