देश में मानसून सक्रिय, पहाड़ों में तबाही- 77 की मौत, 300 घायल

नई दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में मानसून की सक्रियता ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं पहाड़ी राज्यों में यह मुसीबत बनकर बरस रहा है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बीते 15 दिनों (20 जून से 4 जुलाई) के भीतर भारी बारिश, भूस्खलन, बादल फटने और वर्षा जनित हादसों में 77 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें हिमाचल में 75 और उत्तराखंड में 2 लोगों की मौत हुई है। वहीं 300 से अधिक लोग घायल हैं और 30 से ज्यादा अब भी लापता हैं।

हिमाचल में तबाही के हालात
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार हिमाचल प्रदेश में अब तक वर्षा जनित घटनाओं, भूस्खलन, करंट लगने और सड़क हादसों में 45 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य कारणों से 30 लोगों की जान गई है। मंडी जिला सबसे अधिक प्रभावित है। राज्य में 260 से ज्यादा सड़कें बंद हैं, 300 ट्रांसफार्मर ठप हैं और 281 जल परियोजनाएं बंद पड़ी हैं। रविवार को तीन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश के 30 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश से सटे यूपी के 30 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें प्रयागराज, चित्रकूट, बांदा, सोनभद्र, मुरादाबाद, मेरठ, सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और रामपुर जैसे जिले शामिल हैं। कई क्षेत्रों में वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना भी जताई गई है।

नगालैंड में भूस्खलन और बाढ़ का संकट
पूर्वोत्तर राज्य नगालैंड के कोहिमा और दीमापुर में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते भूस्खलन और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जल संरक्षण विभाग की दीवार ढह गई है और पुलिस मुख्यालय समेत कई सरकारी इमारतें प्रभावित हुई हैं। दीमापुर के निचले इलाकों में जलभराव से यातायात भी बाधित है।

दिल्ली और अन्य राज्यों में वर्षा की स्थिति
दिल्ली में मानसून दस्तक दे चुका है, हालांकि अब तक शहर में एकसाथ भारी बारिश नहीं हुई है। अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश जारी है।
आईएमडी के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल तक मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है। राजस्थान के बूंदी जिले में 144 मिमी बारिश हुई है।

मौसम विभाग ने 15 राज्यों में जारी किया अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को हिमाचल प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत 13 राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में येलो अलर्ट जारी है।

Read News: यमुनोत्री मार्ग पर भूस्खलन में लापता दो यात्रियों के शव नदी में मिले

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here