देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में ट्रिपल इंजन की सरकार का उद्देश्य है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने मेयर और नगर पालिका अध्यक्षों के साथ संवाद के दौरान कहा कि सत्ता में बने रहना ही नहीं, बल्कि आम जनता की सेवा ही हमारा मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने नगर निकायों के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं।
मंगलवार को मुख्य सेवक सदन में शहरी विकास विभाग द्वारा आयोजित ‘शहर से संवाद’ कार्यक्रम में सभी नगर निगमों और पालिकाओं के अध्यक्ष उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने पद को केवल एक औपचारिक दायित्व न समझें, बल्कि इसे जनसेवा के मिशन के रूप में निभाएं। उन्होंने कहा कि निकाय कार्यालयों को प्रशासकीय इकाई के बजाय सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार की आशंका वाले कार्यों की नियमित निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया और स्पष्ट किया कि भ्रष्ट आचरण किसी भी स्तर पर सहन नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण के लिए तीन नए वेब पोर्टल लॉन्च किए। उन्होंने नगर निकाय कार्यालयों के डिजिटलीकरण, रजत जयंती पार्क के निर्माण, वेंडिंग जोन की स्थापना और भारत सरकार से टाइड फंड को अनटाइड करने का अनुरोध करने की घोषणाएं कीं। साथ ही, प्रत्येक नगर निगम में 10, नगर पालिका में 5 और नगर पंचायत में 3 अत्याधुनिक हेयर सैलून व ब्यूटी पार्लर स्थापित करने हेतु महिलाओं और पुरुषों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की बात कही।
कचरा प्रबंधन और ट्रैफिक पर विशेष ध्यान दें
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नगर निकाय किसी भी शहर की आत्मा होते हैं और उनके कार्य से ही शहरी जीवन की गुणवत्ता तय होती है। उन्होंने कहा कि अब भी कई नगरों में जल निकासी की समस्याएं बनी हुई हैं और कचरा प्रबंधन को मजबूत बनाने की आवश्यकता है। ट्रैफिक जाम एक सामान्य चुनौती बन चुका है, जिसे नियंत्रित करने के लिए स्थानीय निकायों को विशेष प्रयास करने होंगे।
कार्यक्रम में मेयर सौरभ थपलियाल समेत सभी नगर निकाय प्रमुख, सचिव नितेश झा और नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।