चंडीगढ़ में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। आतंकवादी संगठन से जुड़े दो अपराधी भारी मात्रा में आरडीएक्स और टाइम बम लेकर चंडीगढ़ पहुंचे थे। हालांकि, पुलिस की सतर्कता से यह षड्यंत्र विफल हो गया।
क्राइम ब्रांच का बड़ा ऑपरेशन
चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच ने आतंकी हैप्पी पसिया से जुड़े दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनसे भारी मात्रा में हथियार, टाइम बम और आरडीएक्स बरामद किए गए हैं। इस ऑपरेशन का नेतृत्व क्राइम ब्रांच के एसपी जसबीर सिंह ने किया, जबकि इंस्पेक्टर सतविंदर सिंह की टीम ने दोनों को सेक्टर-39 की जीरी मंडी के पास जंगल से पकड़ा।
आईबी की इनपुट से मिली सफलता
सूत्रों के अनुसार, आतंकवादी चंडीगढ़ में बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। हाल ही में आईबी ने चंडीगढ़ पुलिस को इनपुट दिया था कि आतंकी हैप्पी पसिया चंडीगढ़ के साउथ एरिया के थाने को उड़ाने की साजिश रच रहा है। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी थी। हैप्पी पसिया को अमेरिका में एफबीआई और अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसियों ने अप्रैल में गिरफ्तार किया था।
चंडीगढ़ में पहले भी हो चुके हैं हमले
9 सितंबर 2024 को चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित कोठी नंबर-575 पर ग्रेनेड हमला हुआ था। तीन युवकों ने एक ऑटो से आकर कोठी पर ग्रेनेड फेंका था। इस हमले की जिम्मेदारी विदेश में बैठे गैंगस्टर हैप्पी पसिया ने ली थी। कोठी एनआरआई दंपती रमेश मल्होत्रा की है। इसके अलावा, पाकिस्तान में मौजूद आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा भी इस साजिश में शामिल था।
पंजाब में पिछले हमलों का सिलसिला
पंजाब में सितंबर 2024 से अब तक कई ग्रेनेड हमले हो चुके हैं:
- 9 सितंबर 2024: चंडीगढ़ के सेक्टर-10 में ग्रेनेड हमला।
- 23 नवंबर 2024: अमृतसर के अजनाला पुलिस स्टेशन के पास विस्फोटक प्लांट।
- 29 नवंबर 2024: अमृतसर के गुरबख्श नगर में पुलिस चौकी पर विस्फोट।
- 2 दिसंबर 2024: नवांशहर के पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमला।
- 4 दिसंबर 2024: अमृतसर के मजीठा पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड विस्फोट।
- 13 दिसंबर 2024: बटाला के पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड अटैक।
- 17 दिसंबर 2024: इसलामाबाद पुलिस स्टेशन के पास ग्रेनेड हमला, जिम्मेदारी बीकेआई और जीवन फौजी ने ली।
- 18 दिसंबर 2024: गुरदासपुर के कलानौर में ग्रेनेड हमला।
- 20 दिसंबर 2024: गुरदासपुर के वडाला बंगर पुलिस चौकी पर अटैक।
- 9 जनवरी 2025: अमृतसर के गुमटाला पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमला।
- 16 जनवरी 2025: शराब कारोबारी के घर पर ग्रेनेड हमला।
- 3 फरवरी 2025: फतेहगढ़ चूड़ियां बाईपास पुलिस चौकी पर हमला।
- 15 मार्च 2025: अमृतसर के मंदिर पर ग्रेनेड अटैक।
- 16 मार्च 2025: जालंधर में यूट्यूबर रोजर संधू पर हमला।
- 2 अप्रैल 2025: पटियाला में पुलिस चौकी के बाहर विस्फोट।
- 8 अप्रैल 2025: जालंधर में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड हमला।
चंडीगढ़ पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब सभी संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर रही हैं।