टाइम की परोपकारी सूची में भारत की चमक: अंबानी दंपती, अजीम प्रेमजी और निखिल कामथ शामिल

प्रसिद्ध पत्रिका टाइम ने पहली बार दुनियाभर के 100 सबसे प्रभावशाली परोपकारी व्यक्तियों की सूची जारी की है, जिसमें भारत से मुकेश और नीता अंबानी, विप्रो के पूर्व चेयरमैन अजीम प्रेमजी और जीरोधा के सह-संस्थापक निखिल कामथ को शामिल किया गया है।

टाइम के अनुसार, यह सूची उन उदार लोगों और संगठनों को पहचान देती है जो दुनिया के सबसे ज़रूरतमंद समुदायों तक आर्थिक और सामाजिक सहायता पहुंचा रहे हैं।

अंबानी दंपत्ति की बहुआयामी परोपकारी पहल

इस सूची में शामिल मुकेश और नीता अंबानी ने 2024 में 407 करोड़ रुपये (लगभग 48 मिलियन डॉलर) का दान दिया। टाइम ने कहा कि यह दंपत्ति देश के प्रमुख दानदाताओं में गिने जाते हैं।
पत्रिका के अनुसार, इनकी परोपकारी गतिविधियां उतनी ही व्यापक हैं जितना कि इनका कारोबारी साम्राज्य। नीता अंबानी रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन हैं, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और खेल जैसे क्षेत्रों में सक्रिय है।

अजीम प्रेमजी: शिक्षा सुधारों के सबसे बड़े समर्थक

सूची में शामिल अजीम प्रेमजी को टाइम ने भारत के सबसे उदार परोपकारी व्यक्तियों में शुमार किया है। उन्होंने 2013 में अपनी कंपनी विप्रो के 29 अरब डॉलर से अधिक के शेयर परोपकार के लिए समर्पित कर दिए थे।
उनकी अजीम प्रेमजी फाउंडेशन देशभर में 59 क्षेत्रीय कार्यालयों और 263 शिक्षक प्रशिक्षण केंद्रों के जरिए शैक्षिक सुधारों पर काम कर रही है। 2023-24 में संस्था ने 940 संगठनों को करीब 109 मिलियन डॉलर की सहायता दी।
हाल ही में, उन्होंने 5 मिलियन बच्चों को स्कूल भोजन उपलब्ध कराने हेतु 175 मिलियन डॉलर की सहायता देने का संकल्प लिया।

निखिल कामथ: सबसे युवा भारतीय गिविंग प्लेज साइनर

इस सूची में जीरोधा के को-फाउंडर निखिल कामथ का नाम भी शामिल है। उन्होंने महज 36 वर्ष की उम्र में गिविंग प्लेज साइन किया और करोड़ों डॉलर की राशि पर्यावरण और शिक्षा संबंधित परियोजनाओं के लिए दान की।
टाइम ने उनकी पहल यंग इंडिया फिलैंथ्रोपिक प्लेज (YIPP) का भी जिक्र किया, जो ऐसे युवाओं से अपील करती है कि वे अपनी संपत्ति का 25% समाज कल्याण के लिए समर्पित करें, बशर्ते उनकी कुल संपत्ति 100 मिलियन डॉलर से अधिक हो।

अंतरराष्ट्रीय हस्तियां भी शामिल

इस वैश्विक सूची में डेविड बेकहम, वॉरेन बफेट, मेलिंडा फ्रेंच गेट्स, प्रिंस विलियम और वेल्स की राजकुमारी कैथरीन जैसी प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के नाम भी शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here