टेक्नोलॉजी कंपनी ऑरेकल के सह-संस्थापक लैरी एलिसन ने दौलत के मामले में बड़ी छलांग लगाते हुए जेफ बेजोस और मार्क जुकरबर्ग को पीछे छोड़ दिया है। फोर्ब्स बिलियनेयर्स लिस्ट के मुताबिक, ऑरेकल के शेयरों में हालिया तेजी के बाद एलिसन की कुल संपत्ति बढ़कर 258.8 अरब डॉलर हो गई है, जिससे वे दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं।
एलिसन अब केवल एलन मस्क से पीछे हैं, जिनकी नेटवर्थ इस समय 410.8 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। मस्क, टेस्ला और स्पेसएक्स जैसे बहुराष्ट्रीय कंपनियों के सीईओ हैं।
ऑरेकल के शेयरों में उछाल से बढ़ी संपत्ति
एलिसन की संपत्ति में आई यह बड़ी बढ़त ऑरेकल के स्टॉक्स में तेजी का नतीजा है। इस उछाल ने उन्हें अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस और मेटा प्रमुख मार्क जुकरबर्ग से आगे कर दिया। गौरतलब है कि इससे पहले अक्टूबर 2024 में जुकरबर्ग ने बेजोस को पछाड़ते हुए दूसरी पायदान हासिल की थी, जब उनकी संपत्ति 206.2 अरब डॉलर और बेजोस की नेटवर्थ 205.1 अरब डॉलर थी।
बेजोस ने 2017 में बनाया था रिकॉर्ड
जेफ बेजोस ने वर्ष 2017 में अमेजन के शेयरों में जबरदस्त बढ़ोतरी के बाद पहली बार वॉरेन बफेट को पछाड़ते हुए अमीरों की सूची में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। उस समय उनकी संपत्ति 75.6 अरब डॉलर पर पहुंची थी।
एलन मस्क पहले स्थान पर कायम
एलन मस्क ने अपने शीर्ष स्थान को और भी मजबूत किया है। हाल में उनकी संपत्ति में 191 मिलियन डॉलर की बढ़त दर्ज की गई, जिससे उनका नेटवर्थ बढ़कर 411.4 अरब डॉलर हो गया। यह वृद्धि ऐसे समय में हुई, जब उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से एक सार्वजनिक विवाद के बाद माफी मांगी थी। दोनों के बीच हुई बहस सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर चर्चा का विषय बनी थी।
दिग्गजों की रैंकिंग
फोर्ब्स की ताजा सूची में वॉरेन बफेट करीब 152.1 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ पांचवें और गूगल के सह-संस्थापक लैरी पेज लगभग 144.7 अरब डॉलर के साथ छठे स्थान पर हैं।