उपचुनाव: खतौली में 56.46 फीसदी हुआ मतदान

मुजफ्फरनगर में खतौली विधानसभा के उपचुनाव में सोमवार को 369 बूथों पर भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी और सपा-रालोद-आसपा गठबंधन प्रत्याशी मदन भैया के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। आठ दिसंबर को नतीजे घोषित होंगे। देर रात तक ईवीएम को नवीन मंडी स्थल में रखवाया गया। 

उपचुनाव में मतदाताओं की चाल धीमी रही, यहां सिर्फ 56.46 प्रतिशत वोट ही पड़े हैं। हालांकि मतदान शांतिपूर्ण रहा। सरधना के सपा विधायक अतुल प्रधान ने खतौली का वीडियो ट्वीट करते हुए आरोप लगाया कि मतदाता को आधार कार्ड से वोट डालने से रोका गया है, जिस पर पुलिस ने जवाब दिया कि आरोप झूठा है। चुनाव मैदान में 14 प्रत्याशी थे, जिनमें भाजपा और गठबंधन के बीच मुख्य मुकाबला है। 

कांटे के मुकाबले में हार-जीत का अंतर कम रहने का अनुमान है। विधानसभा के अलावा लोकसभा के चुनाव में इस सीट पर भाजपा जीत चुकी है, ऐसे में इस बार भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर है।

इससे पहले रविवार शाम तक मतदान कर्मी 369 बूथों पर पहुंच गए थे। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक कराया गया। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी।

सुबह के समय मतदान की रफ्तार थोड़ी धीमी रही। यहां 9 बजे तक 6.9 प्रतिशत मतदान हुआ। 11:00 बजे तक का कुल मतदान प्रतिशत 20.70 रहा। खतौली विधानसभा क्षेत्र में कुल 369 पोलिंग स्टेशनों पर मतदान सुचारू रूप एवं शांति पूर्वक संपन्न कराया गया है। वहीं दोपहर एक बजे तक 33.2 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके बाद तीन बजे तक 40.2 प्रतिशत मतदान हुआ था।

खतौली विधानसभा चुनाव के दौरान नावला में एक ईवीएम मशीन खराब हो गई थी। जिसकी सूचना पर एसपी सिटी और एडीएम ने मौके पर पहुंचकर ईवीएम मशीन को बदलवाया। दोबारा से मतदान शुरू कराया। नावला मतदान केंद्र पर ही एक एजेंट के पास मोबाइल बरामद हुआ। इससे कुछ देर के लिए मतदान प्रभावित हुआ।

राजकुमारी देवी और मदन भैया के बीच कांटे का मुकाबला
क्षेत्र के सराय रसूलपुर, सोंटा, मंसूरपुर खतौली, जानसठ, सिखेड़ा समेत विभिन्न गांव के 369 बूथ पर वोटर मतदान कर रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी राजकुमार सैनी और रालोद सपा गठबंधन के प्रत्याशी मदन भैया के बीच कांटे का मुकाबला है। शुरुआती रुझान में ही दोनों प्रत्याशियों के बीच कड़े मुकाबले के आसार लग रहे हैं।

तीन फीट का दानिश पहुंचा मतदान करने
खतौली के ढाकन वाला चौक निवासी दानिश भी उपचुनाव में मतदान करने के लिए पहुंचा। दानिश ने कहा कि उसने विकास के मुद्दे पर वोट दिया है। अपनी शादी की मांग को लेकर एक दिन पहले ही दानिश चर्चा में आया था।

रतनपुरी क्षेत्र के गांव घनश्यामपुरा में प्राथिमक विद्यालय के बूथ संख्या 282 पर ईवीएम खराब होने के कारण मतदान कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ। ईवीएम को बदलकर दूसरी ईवीएम लगाई गई। जिसके बाद मतदान फिर से सुचारु हो सका।

प्रत्येक बूथ पर रही एक महिला कर्मचारी की ड्यूटी
खतौली में 369 बूथ हैं, इनमें प्रत्येक बूथ पर एक महिला कर्मचारी ड्यूटी लगाई गई थी। महिला वोटरों की पहचान करने के लिए यह व्यवस्था की गई।

तीन लाख 12 हजार 446 हैं मतदाता
खतौली उप चुनाव में तीन लाख 12 हजार 446 मतदाता है। इनमें एक लाख 67 हजार 79 पुरुष और एक लाख 45 हजार 348 महिला मतदाता हैं। 171 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि 369 बूथ हैं।

भाजपा और गठबंधन की सीधी टक्कर
उप चुनाव के लिए खतौली विधानसभा का मैदान सज चुका है। आज 14 प्रत्याशियों के बीच चुनाव होगा। सियासी गलियारों में भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी और गठबंधन के प्रत्याशी पूर्व विधायक मदन भैया के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। दोनों राजनीतिक दल दिनभर अपने-अपने बूथ मैनेजमेंट में जुटे रहे। मतदान के दिन के लिए प्रत्याशियों और समर्थकों ने रणनीति बनाई।

खतौली में राजनीतिक दलों के दावों और वादों के बाद अब जनता के फैसले की बारी है। आज जनता अपना फैसला ईवीएम का बटन दबाकर करेगी। नतीजे आठ दिसंबर को आएंगे। निवर्तमान भाजपा विधायक विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी ने समर्थकों और संगठन के लोगों के साथ बूथ मैनेजमेंट पर फोकस किया।

दूसरी और सपा-रालोद और आजाद समाज पार्टी गठबंधन के प्रत्याशी पूर्व विधायक मदन भैया ने भी रणनीति तैयार की। दोनों राजनीतिक दलों ने विधानसभा के 369 बूथों के बस्ते तैयार कराकर कार्यकर्ताओं को भिजवाए। दोनों प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला चल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here