कैप्टन अमरिंदर सिंह करेंगे पांच राज्यों में भाजपा का चुनाव प्रचार

चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पंजाब लोक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के विरोध तथा भाजपा के समर्थन में प्रचार करने का ऐलान किया है। अमरिंदर सिंह का दावा है कि वह कांग्रेस को अच्छी तरह जानते हैं और उनके लिए कांग्रेस पर हमला करना आसान है। सोमवार को एक निजी चैनल से बातचीत में कैप्टन ने खुलासा किया कि 2022 के चुनाव में वह पंजाब में ही नहीं, बल्कि चार अन्य राज्यों के चुनाव में भी कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ने वाले हैं।

इससे पहले आज हरियाणा और पंजाब की राजनीतिक हलचल को तेज करते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। सीएम आवास पर हुई यह मुलाकात करीब आधा घंटा चली। इससे पहले दोनों नेताओं की मुलाकात अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री रहते एसवाईएल को लेकर सुप्रीम कोर्ट का फैसला लागू नहीं होने के मुद्दे पर हुई थी।

कहा जा रहा है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह फील्ड में उतरने से पहले भाजपा नेताओं के साथ मुलाकात करके अपने लिए ग्राउंड मजबूत कर रहे हैं। अमरिंदर चुनाव से पहले गठबंधन करने की बजाए केवल सीटों का तालमेल करने के पक्ष में हैं। माना जा रहा है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल इस समझौते में अहम भूमिका निभा सकते हैं। अमरिंदर सिंह आने वाले दिनों में भाजपा के समर्थन में उत्तर प्रदेश में भी प्रचार करने जा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here