मैनपुरी, रामपुर और खतौली में मतगणना कल, राजनीतिक दलों ने किए जीत के दावे

मैनपुरी लोकसभा, रामपुर और खतौली विधानसभा उप चुनाव की मतगणना बृहस्पतिवार को होगी। चुनाव परिणाम का रुझान सुबह 12 बजे तक सामने आ जाएंगे और परिणाम देर शाम तक घोषित होने की उम्मीद है। भाजपा, सपा और रालोद ने उप चुनाव में जीत का दावा किया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि सुबह 8 से मतगणना शुरू होगी। उन्होंने बताया कि मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के करहल, मैनपुरी, भोगांव और किशनी विधानसभा क्षेत्र के बूथों की मतगणना मैनपुरी में होगी। जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना इटावा में होगी। खतौली की मतगणना मुजफ्फरनगर और रामपुर की मतगणना रामपुर में होगी। उन्होंने बताया कि मतगणना के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाने के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ सीएपीएफ  की भी तैनाती की है। मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए है। मतगणना परिणाम भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगा।

भाजपा बड़े अंतर से जीतेगी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि उप चुनाव में मैनपुरी, रामपुर और खतौली विधानसभा क्षेत्र में बड़े अंतर से जीत होगी। जनता ने मोदी-योगी सरकार की नीतियों और सुशासन के समर्थन में मतदान किया है। जातिवादी और परिवारवादी लोगों का चुनाव में सफाया होगा।

उधर, एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा कि बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव और रामपुर एवं खतौली विधानसभा उपचुनाव के मतगणना का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके लिए इन सभी स्थानों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है। ईवीएम को केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की सुरक्षा में रखा गया है। कल वहां समय से पहले ही त्रिस्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था होगी। इसके अलावा सभी बड़े अधिकारी मौके पर मौजूद होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here