दिल्ली की व्लॉगर ने नहर में लगाई छलांग: पार्टनर से मिलने पानीपत आई थी श्रुतिका

दिल्ली की व्लॉगर युवती ने पानीपत में नहर में छलांग लगा दी। पानी में काफी तलाश के बाद भी युवती नहीं मिली। युवती बुधवार रात को पानीपत के जाटल रोड स्थित एक होटल में लिव इन में रहने वाले पार्टनर से मिलने आई थी। उसके पार्टनर ने उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगाने की सफाई पुलिस के सामने दी है। वे दोनों सात माह से दिल्ली में लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। 

वहीं, बेटी के नहर में कूदने की सूचना पर परिवार दिल्ली से पानीपत पहुंचा। इसकी शिकायत मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी कैमरे चेक किए। सीसीटीवी फुटेज में व्लॉगर युवती होटल से निकलकर नहर की ओर जाती दिखी। पुलिस ने आरोपी पार्टनर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। व्लॉगर की पुलिस गोताखोरों की मदद से तलाश कर रही है।

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-24 के दीप विहार निवासी शालिनी वाही ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी 25 वर्षीय श्रुतिका व्लॉगर है। उसकी सात माह पहले करनाल के मोर माजरा गांव निवासी संजीत के साथ मुलाकात हुई थी। दोनों में एक -दूसरे के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। उनको इनके बारे में पता था और दोनों शादी करने की बात भी करते थे। श्रुतिका ने संजीत को सोने की चेन व अंगूठी गिफ्ट की थी। 

रात तीन बजे आया था आखिरी मैसेज
श्रुतिका ने उनको बुधवार को बताया था कि उसे संजीत मिलने के लिए पानीपत बुला रहा है। वह पानीपत जा रही है। वह कैब बुक कर दिल्ली से पानीपत आ गई। श्रुतिका ने अपनी छोटी बहन भूमिका को रात 11 बजे टेक्स मैसेज कर बताया कि वह पानीपत में है। संजीत व उसके दो दोस्त भी साथ हैं। संजीत उसके साथ कहासुनी कर रहा है। संजीत ने श्रुतिका की गिफ्ट की गई गोल्ड रिंग बेच दी है। श्रुतिका का इसके बाद कोई मैसेज नहीं आया। वह रातभर श्रुतिका से संपर्क करने की कोशिश करते रहे। श्रुतिका के मोबाइल से रात तीन बजे भूमिका के पास मैसेज आया कि वह ऋषिकेश जा रही है। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हुआ। 

श्रुतिका ने बहन भूमिका की आईडी से किया था खाना ऑर्डर
श्रुतिका ने पानीपत में भूमिका की आईडी से खाना ऑर्डर किया था। इसलिए भूमिका को पानीपत में जाटल रोड देशवाल चौक स्थित एक होटल का पता मिला। भूमिका ने होटल के स्टाफ का नंबर खोजा और इस बारे में पूछताछ की। उन्होंने बताया कि श्रुतिका ने नहर में छलांग लगा दी है। वह सूचना मिलते ही पानीपत पहुंचे। यहां होटल के स्टाफ ने बताया कि श्रुतिका व संजीत में झगड़ा हुआ था। बुधवार रात दो बजे श्रुतिका नहर में कूदने जा रही थी। संजीत ने श्रुतिका को पकड़ने की कोशिश की। इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में गिर गई। संजीत ने उन्हें बताया कि उसने श्रुतिका के पीछे नहर में छलांग लगाई थी। वह बचा नहीं पाया। वह नहर में बह गई। वह बाहर निकल आया।

दो दोस्त श्रुतिका का मोबाइल लेकर हुए फरार
व्लॉगर श्रुतिका की मां शालिनी वाही ने बताया कि रात दो बजे श्रुतिका नहर में कूदी थी। तीन बजे उसके मोबाइल से संजीत ने उन्हें मैसेज कर कहा कि वह घर आ रही है। इसके बाद कहा गया कि वह ऋषिकेश जा रही थी। जब श्रुतिका नहर में कूदी तो संजीत के दोनों दोस्त श्रुतिका का मोबाइल लेकर वहां से फरार हो गए।

क्या कहती है पुलिस
मॉडल टाउन थाना पुलिस थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि श्रुतिका की गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही है। अब तक उसका भेद नहीं लगा है। होटल के स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया गया है। आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here