फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप एक बार फिर विवादों में फंस गए हैं। कुछ समय पहले ब्राह्मणों पर की गई उनकी टिप्पणी ने उन्हें मुश्किलों में डाल दिया था। सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रोलिंग का सामना करने के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ है। अब रायपुर कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है।
कोर्ट का आदेश
ब्राह्मण समाज के खिलाफ बयानबाजी को लेकर उच्च न्यायालय अधिवक्ता अंजिनेश अजय शुक्ला ने शिकायत दर्ज कराई थी। न्यायिक मजिस्ट्रेट कुमारी आकांक्षा की बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए अनुराग कश्यप के खिलाफ बीएनएस की धारा 196, 299 और 353 के तहत एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है।
बयान पर माफी के बाद भी नहीं थमा विवाद
विवाद बढ़ने के बाद अनुराग कश्यप ने माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि गुस्से में प्रतिक्रिया देते वक्त मर्यादा का ख्याल नहीं रखा और पूरे ब्राह्मण समाज को आहत कर दिया। अनुराग ने अपने पोस्ट में लिखा था कि उनका परिवार और कई बुद्धिजीवी भी इस बयान से आहत हैं। उन्होंने आगे से सावधानी बरतने का वादा भी किया था।
विवाद की शुरुआत
यह मामला उस समय चर्चा में आया जब अनुराग कश्यप ने ‘फुल’ फिल्म से जुड़े विवाद के दौरान ब्राह्मणों पर टिप्पणी की थी। हालांकि माफी मांगने के बावजूद विवाद थमता नहीं दिख रहा है, और अब कोर्ट के आदेश के बाद अनुराग की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।