प्रसिद्ध अमेरिकी पॉप सिंगर लू क्रिस्टी का हाल ही में निधन हो गया है। उनके परिवार ने यह जानकारी साझा की है। हालांकि, उनकी मृत्यु के कारण का खुलासा अब तक नहीं किया गया है। वैराइटी की रिपोर्ट के अनुसार, लू क्रिस्टी की मौत से संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
करियर की शुरुआत से बनाई अलग पहचान
अपने गायन करियर में लू क्रिस्टी ने कई मशहूर गीतों को अपनी आवाज दी। उनका सबसे प्रसिद्ध गीत 1965 में आया ‘लाइटनिन स्ट्राइक्स’ रहा, जिसने अमेरिका के म्यूजिक चार्ट पर शीर्ष स्थान हासिल किया था। लू क्रिस्टी का जन्म 19 फरवरी 1943 को पेनसिल्वेनिया के ग्लेनविलार्ड में हुआ था और वह पिट्सबर्ग में पले-बढ़े। उनका असली नाम अल्फ्रेडो जियोवानी सैको था।
बचपन से संगीत में रुचि
हाई स्कूल के दिनों में ही उन्होंने संगीत की शिक्षा लेनी शुरू कर दी थी और स्कूल के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने लगे थे। उनके शिक्षकों ने उन्हें शास्त्रीय संगीत की ओर प्रेरित किया, लेकिन क्रिस्टी का झुकाव पॉप म्यूजिक की ओर था—ऐसा संगीत जो रिकॉर्ड्स में दर्ज हो और श्रोताओं के दिलों में अपनी जगह बना ले। उनके कई गाने अमेरिकी संगीत चार्ट में शीर्ष स्थानों पर रहे, जिसने उन्हें व्यापक लोकप्रियता दिलाई।
अन्य प्रसिद्ध गीत और पारिवारिक जीवन
1969 में आया उनका गीत ‘आई एम गोना मेक यू माइन’ भी टॉप टेन हिट्स में शामिल हुआ था, वहीं ‘बियॉन्ड द ब्लू होराइजन’ ने टॉप 20 में जगह बनाई थी। उन्होंने 2010 तक गीत रिकॉर्ड करना जारी रखा। लू क्रिस्टी अपने पीछे पत्नी फ्रांसेस्का विनफील्ड और बेटी बियांका क्रिस्टी को छोड़ गए हैं।