सूडान में फंसे भारतीयों का पहला जत्था पहुंचा दिल्ली

भारतीय नागरिकों को लेकर आ रही पहली उड़ान दिल्ली पहुंच गई है। इससे सूडान में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वतन वापस लाया गया है। इससे पहले मुरलीधरन ने नागरिक विमान के अंदर यात्रियों के एक वीडियो के साथ ट्वीट किया कि जेद्दाह हवाईअड्डे पर 360 भारतीयों को नई दिल्ली जाने वाली उड़ान से विदा करते हुए खुशी हो रही है। वे जल्द ही मातृभूमि पहुंचेंगे और अपने परिवारों से मिलेंगे। विदेश राज्य मंत्री के वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक खास संदेश भी था।

वीडियो में विदेश राज्य मंत्री यह कह रहे हैं कि पीएम मोदी ने हर भारतीय को वापस लाने का संकल्प लिया है। भारतीय नागरिक ने कहा कि हम मोदी जी के प्रति अपना आभार व्यक्त नहीं कर सकते। हमारे पास शब्द नहीं हैं।

जानकारी के मुताबिक, भारत ने सूडान से कम से कम 534 भारतीय नागरिकों को निकाल लिया है। कोशिश की जा रही है कि सेना और अर्धसैनिक बल के बीच 72 घंटे के संघर्ष विराम के समाप्त होने से पहले संघर्षग्रस्त अफ्रीकी देश से अपने और नागरिकों को सुरक्षित वापस लाया जाए। भारतीय वायु सेना के दो सी-130जे सैन्य परिवहन विमान बुधवार को पोर्ट सूडान से 256 भारतीयों को जेद्दा लाए थे। इससे एक दिन पहले भारतीय नौसेना के एक जहाज ने उस देश से 278 नागरिकों को निकाला था। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सूडान से अब तक निकाले गए भारतीयों की कुल संख्या 534 हो गई है। विदेश मंत्री एस जयशंकर के मुताबिक, पहले सी-130जे विमान से 121 यात्रियों को जेद्दा लाया गया, जबकि दूसरे विमान से 135 यात्रियों को निकाला गया। उन्होंने ट्वीट किया कि ऑपरेशन कावेरी लगातार आगे बढ़ रहा है।

मिशन ‘ऑपरेशन कावेरी’ के तहत भारत निकासी को सऊदी अरब के शहर जेद्दा से संचालित कर रहा है। यहां से लोगों को भारत लाया जा रहा है। भारत ने जेद्दा में एक सुविधा बनाई है। विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन सऊदी अरब शहर से निकासी मिशन पर नजर बनाए हुए हैं।  278 भारतीयों के पहले जत्थे को मंगलवार को भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस सुमेधा से पोर्ट सूडान से निकाला गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here