साइप्रस ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से किया सम्मानित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान भारत और साइप्रस के बीच गहरे और मैत्रीपूर्ण संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है।

सम्मान प्राप्त करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह न केवल उनका, बल्कि 140 करोड़ भारतीय नागरिकों की आशाओं, क्षमताओं और संस्कृति का सम्मान है। उन्होंने इसे दोनों देशों के साझा मूल्यों, आपसी समझ और शांति व भाईचारे की भावना को समर्पित किया। उन्होंने यह भी कहा कि यह पुरस्कार वसुधैव कुटुंबकम की भारतीय भावना को वैश्विक पहचान देता है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार मिल रहे सम्मान

प्रधानमंत्री मोदी को हाल के वर्षों में कई देशों द्वारा उनके वैश्विक नेतृत्व और संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया गया है। मार्च 2024 में मॉरीशस ने उन्हें अपना सर्वोच्च सम्मान ‘द ग्रांड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन’ प्रदान किया था। इसके बाद अप्रैल में श्रीलंका ने ‘श्रीलंका मित्र विभूषण सम्मान’ से नवाजा, जो केवल विशिष्ट अंतरराष्ट्रीय मित्रों को दिया जाता है।

2023 में कुवैत, गुयाना और बारबाडोस से भी मिला सम्मान

दिसंबर 2023 में कुवैत ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर’ से सम्मानित किया। वहीं नवंबर 2023 में गुयाना ने उन्हें ‘ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस’ और बारबाडोस ने ‘ऑनररी ऑर्डर ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस’ से नवाजा। डोमिनिका द्वारा भी उन्हें हाल में ही सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया गया।

20 से अधिक देशों से मिल चुके हैं सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार

प्रधानमंत्री मोदी को वर्ष 2014 से अब तक 20 से अधिक देशों द्वारा उनके अंतरराष्ट्रीय योगदान के लिए शीर्ष राष्ट्रीय सम्मान दिए जा चुके हैं। इनमें संयुक्त राष्ट्र का ‘चैंपियन ऑफ द अर्थ अवार्ड’ भी शामिल है, जो उन्हें अक्टूबर 2018 में प्रदान किया गया था।

अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सम्मानों में शामिल हैं:

  • अफगानिस्तान (2016): स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान
  • फिलिस्तीन (2018): ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन
  • संयुक्त अरब अमीरात (2019): ऑर्डर ऑफ जायद
  • रूस (2019): ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू एपोस्टल
  • मालदीव (2019): ऑर्डर ऑफ द डिस्टिंग्विश्ड रूल ऑफ इज़ुद्दीन
  • बहरीन (2019): किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां
  • अमेरिका (2020): लीजन ऑफ मेरिट
  • भूटान (2021): ऑर्डर ऑफ द ड्रैगन किंग
  • फिजी (2023): ऑर्डर ऑफ फिजी
  • पापुआ न्यू गिनी (2023): ऑर्डर ऑफ लोगोहू
  • पलाऊ गणराज्य (2023): एबाकल पुरस्कार
  • मिस्र (2023): ऑर्डर ऑफ द नाइल
  • फ्रांस (2023): लीजन ऑफ ऑनर — फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, जिसे पाने वाले वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने।

इन सम्मानों से यह स्पष्ट होता है कि प्रधानमंत्री मोदी को न केवल भारत में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनके योगदान और नेतृत्व के लिए व्यापक सराहना मिल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here