मेक्सिको के मध्य क्षेत्र में स्थित हिंसा-प्रभावित शहर इरापुआटो में मंगलवार की रात को भीषण गोलीबारी की घटना सामने आई। इस घटना में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक 17 वर्षीय किशोर भी शामिल है, जबकि करीब 20 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
गुआनाजुआटो राज्य फिर बना हिंसा का केंद्र
यह वारदात गुआनाजुआटो राज्य में हुई, जो लंबे समय से गैंग हिंसा और संगठित अपराधों का गढ़ माना जाता है। राज्य के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने बताया कि गोलीबारी में कई लोग घायल हुए हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
राष्ट्रपति शिनबाम ने जताया शोक
देश की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रारंभिक जानकारी में कुछ बच्चों की मौत की आशंका थी, लेकिन बाद में अधिकारियों ने पुष्टि की कि मृतकों में केवल एक किशोर शामिल है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और प्रशासन इसकी गंभीरता से जांच कर रहा है।
धार्मिक आयोजन के दौरान हुआ हमला
स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना उस समय हुई जब लोग जॉन द बैपटिस्ट के जन्मोत्सव पर एक आवासीय परिसर में एकत्र होकर जश्न मना रहे थे। पार्टी के दौरान संगीत बज रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें पहले लोग नाचते दिखते हैं और फिर गोलियों की आवाजें सुनाई देती हैं, हालांकि इस वीडियो की पुष्टि नहीं हो सकी है।
राज्य के अन्य हिस्सों में भी हुईं हत्याएं
उसी दिन गुआनाजुआटो के अन्य इलाकों में पांच और लोगों की हत्या की भी खबर है। आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 के शुरुआती पांच महीनों में इस राज्य में 1,435 हत्या के मामले दर्ज हो चुके हैं, जो देश के किसी भी अन्य राज्य से कहीं अधिक हैं।