मिंस्क (बेलारूस)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर पश्चिमी देशों पर तीखा आरोप लगाते हुए कहा है कि वे जानबूझकर रूस में अलगाववाद को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं। शुक्रवार को बेलारूस की राजधानी मिंस्क में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुतिन ने कहा कि पश्चिमी देशों को इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) की गतिविधियों से तब तक कोई आपत्ति नहीं होती, जब तक उसका निशाना रूस होता है।
पुतिन ने कहा, “मॉस्को में धमाके हुए हैं और अब भी जारी हैं, लेकिन जब तक ये घटनाएं रूस के खिलाफ होती हैं, तब तक पश्चिम इन्हें गंभीरता से नहीं लेता। उनके लिए सब कुछ स्वीकार्य है, यदि वह रूस के खिलाफ प्रयोग हो।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह कोई नई रणनीति नहीं है। पहले भी पश्चिमी देश संगठित रूप से रूस में विभाजनकारी ताकतों को समर्थन देते आए हैं। पुतिन ने कहा कि रूस के खिलाफ आतंकवाद को एक रणनीतिक औजार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।
यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब रूस और पश्चिमी देशों के बीच यूक्रेन युद्ध को लेकर तनातनी लगातार बनी हुई है।