हरियाणा में रविवार को 18 जिलों के 40 निकायों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से, लेकिन धीमी गति से संपन्न हो गया। शाम छह बजे तक 46.3 फीसदी मतदान हुआ। साल 2020 में निकाय चुनाव में करीब 60.4 फीसदी मतदान हुआ था। शहरी इलाकों में मतदाता निकाय चुनाव के प्रति उदासीन दिखे। वहीं, ग्रामीण इलाकों के मतदाताओं में जोश दिखा। कई इलाकों में 80 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया। कम मतदान होने से नगर निगम के मेयर पद के चुनाव में रोचक मुकाबले की संभावना बढ़ गई है। चुनाव परिणाम होली से दो दिन पहले 12 मार्च को आएगा।
नौ नगर निगम, पांच नगर परिषद और 26 नगर पालिकाओं में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया था। शुरुआत में आठ जिलों में 16 जगह ईवीएम खराब होने की खबरें भी सामने आईं। इससे 10 मिनट से लेकर ढाई घंटे तक मतदान प्रभावित हुआ और देरी से मतदान शुरू हुआ। छिटपुट झड़पों को छोड़ मतदान शांतिपूर्ण ढंग से निपटा। सुबह के समय मतदान के प्रति लोगों में बेरुखी दिखी। पहले डेढ़ घंटे में 0.4 फीसदी मतदान दर्ज हुआ था। दोपहर के बाद लोगों में जोश दिखा और लोग पोलिंग बूथ पर पहुंचे। छह बजे के बाद भी करीब चार हजार लोग अलग-अलग बूथों पर लाइन पर लगे थे। इनमें सबसे ज्यादा लोग फरीदाबाद के बूथों में खड़े थे।
जहां उपचुनाव वहां, कम पड़े वोट
जिन निकायों में उपचुनाव में थे, वहां मतदान प्रतिशत काफी कम रहा है। अंबाला में 32 प्रतिशत और सोनीपत में 28.8 फीसदी मतदान दर्ज हुआ। नगर परिषद सोहाना में 35.8 फीसदी, नगर पालिका असंध में 33.2 प्रतिशत और इस्लाईलाबाद में 64.9 फीसदी मतदान हुआ। दरअसल जिन निकायों में उपचुनाव हो रहे हैं, वहां कार्यकाल काफी कम बचा है। अंबाला और सोनीपत में मेयर सिर्फ नौ महीने के लिए चुना जाना है।
मतदान कम होने के तीन कारण
1. नौ महीने में तीसरा चुनाव। बार-बार चुनाव की वजह से लोगों की रुचि घट गई है।
2. विपक्ष की ओर से कमजोर चुनाव प्रचार। मतदाताओं को लगा दूसरे पक्ष की जीत पक्की है। ऐसे में क्यों बाहर निकला जाए।
3. लोकसभा व विधानसभा चुनाव में जिस तरह से मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाए गए, निकाय चुनाव में उस तरह से अभियान नहीं चला।
नौ नगर निगमों में मतदान प्रतिशत
फरीदाबाद 40
गुरुग्राम 41.5
मानेसर 65.0
हिसार 52.7
करनाल 46.2
रोहतक 53.4
यमुनानगर 53.5
अंबाला उपचुनाव 32
सोनीपत उपचुनाव 28.8
नगर परिषद में मतदान प्रतिशत
अंबाला सदर 52.3
पाटौदी जाटौली मंडी 73.9
सिरसा 56.3
थानेसर 50.4
सोहाना उपचुनाव 35.8
नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं के चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो गए हैं। पूरी चुनावी प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए निर्वाचन सदन में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया था। कहीं से भी कोई हिंसा व अप्रिय घटना की सूचना नहीं आई। 12 मार्च को मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। – धनपत सिंह, राज्य चुनाव आयुक्त