दिल्ली-NCR और आसपास के राज्यों में बुधवार को दिनभर की भीषण गर्मी और उमस के बाद अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश व ओलावृष्टि हुई। इस मौसम परिवर्तन ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जलभराव की स्थिति बनी और ट्रैफिक जाम हो गया।
तेज हवाओं की गति 79 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। इसका असर हवाई यात्रा और मेट्रो सेवा पर भी पड़ा। दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ानें देर से रवाना हुईं और कुछ को रद्द या डायवर्ट करना पड़ा। मेट्रो की येलो, रेड और पिंक लाइनों पर सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं, जिससे यात्री घंटों तक स्टेशन पर फंसे रहे।
जानमाल का नुकसान और अव्यवस्था
मौसम के इस बदले मिजाज से दिल्ली, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में हादसों की खबरें आई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गाजियाबाद में तीन और दिल्ली व ग्रेटर नोएडा में दो-दो लोगों की जान चली गई। उत्तर प्रदेश में कुल 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
दिल्ली में 25 से ज्यादा स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं। तुगलक रोड, महादेव रोड, पंत मार्ग जैसे मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गए। आईटीओ के पास तिलक ब्रिज, अक्षरधाम फ्लाईओवर और सिकंदरा रोड जैसे इलाकों में जलभराव से आवाजाही प्रभावित हुई। नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कई सोसाइटीज़ में आंधी से खिड़कियों के शीशे टूटे और वाहनों को नुकसान पहुंचा।
हवाई उड़ानों पर असर
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन, पेरिस, फ्रैंकफर्ट और सिंगापुर जाने वाली आठ उड़ानों में देरी हुई, जबकि तेल अवीव की उड़ान रद्द कर दी गई। खराब मौसम के कारण कुछ उड़ानों को वैकल्पिक हवाई अड्डों पर भेजा गया।
उत्तर प्रदेश में भी बदला मौसम का मिजाज
बुधवार शाम यूपी में भी मौसम ने करवट ली। गाजियाबाद और नोएडा में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, वहीं प्रदेश के अन्य इलाकों में कहीं लू तो कहीं बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक होने की संभावना जताई गई है।
मानसून के आगमन की तैयारी
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों में मानसून केरल में दस्तक दे सकता है। इससे पहले ही पश्चिमी घाट के क्षेत्रों सहित कर्नाटक और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में तेज बारिश और तूफानी हवाएं देखने को मिलीं। पालघर के नाला सोपारा इलाके में एक मकान का छज्जा गिरने की घटना भी सामने आई है, जिसमें दो लोगों को सुरक्षित निकाला गया।