झारखंड: पूर्व सीएम शिबू सोरेन को आया ब्रेन स्ट्रोक, हालत नाजुक

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन की तबीयत फिलहाल नाजुक बनी हुई है। उन्हें ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार, ब्रेन स्ट्रोक के चलते उनके शरीर का बायां हिस्सा लकवाग्रस्त हो गया है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है, और केवल कुछ बेहद करीबी परिजनों को ही मिलने की अनुमति दी जा रही है। इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन और परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल में मौजूद हैं।

शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर चिंता का माहौल है। झारखंड से कई मंत्री, कांग्रेस व अन्य दलों के नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं, लेकिन चिकित्सा और सुरक्षा कारणों से अधिकतर को अस्पताल में मिलने की इजाजत नहीं दी गई है।

राज्यभर में प्रार्थनाओं का दौर

पूर्व मुख्यमंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर झारखंड में विभिन्न धार्मिक स्थलों पर प्रार्थनाएं की जा रही हैं। मंदिरों, मस्जिदों और चर्चों में विशेष पूजा-अर्चना और दुआएं की जा रही हैं। आम जनता भी लगातार उनके लिए शुभकामनाएं भेज रही है।

राष्ट्रपति और अन्य नेताओं ने भी जाना हाल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को अस्पताल पहुंचकर शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को फोन कर शिबू सोरेन का हालचाल लिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन और विधायक बसंत सोरेन राजधानी दिल्ली में लगातार मौजूद हैं और अस्पताल में रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here