महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण शहर में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां श्री सप्तश्रृंगी नामक एक इमारत का स्लैब अचानक गिरने से छह लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में तीन महिलाएं और डेढ़ साल का एक मासूम बच्चा भी शामिल है।
हादसे के वक्त चल रहा था मरम्मत कार्य
घटना के समय इमारत की चौथी मंजिल पर मरम्मत का काम चल रहा था। बताया गया है कि जितेंद्र गुप्ता और वेंकट चव्हाण नामक दो मजदूर वहां कार्यरत थे। जैसे ही स्लैब गिरा, जितेंद्र भोजन के लिए नीचे गया हुआ था, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं वेंकट चव्हाण मलबे में दब गया।
राहत व बचाव कार्य हुआ पूरा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। बचाव अभियान तेज़ी से चलाया गया, जिसमें मलबे में दबे 10 लोगों को निकाला गया। इनमें से छह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि चार को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रशासन कर रहा है जांच
फिलहाल घटनास्थल पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है। स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर भारी नाराज़गी और दुख का माहौल है। प्राथमिक तौर पर यह माना जा रहा है कि इमारत की जर्जर स्थिति हादसे का कारण बनी हो सकती है।