टी-20 विश्व कप में खराब प्रदर्शन का असर, चेतन शर्मा की अगुआई वाली चयन समिति बर्खास्त

बीसीसीआई ने चेतन शर्मा की अगुआई वाली चयन समिति को बर्खास्त कर दिया है। उसने राष्ट्रीय चयनकर्ता पद के लिए आवेदन मंगाए हैं। बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक वेबसाइट पर बताया कि चयनकर्ता के पांच पद खाली हैं। बोर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद चयन समिति को बर्खास्त करने का फैसला किया। टीम इंडिया सेमीफाइनल में इंग्लैंड से हार गई थी। उसके बाद कई खिलाड़ियों के चयन को लेकर सवाल उठे थे।

आवेदन के लिए क्या हैं नियम?
चयनकर्ता पद के आवेदन के लिए कम से कम सात टेस्ट मैच या 30 प्रथम श्रेणी या 10 वनडे के साथ 20 प्रथम श्रेणी मैचों का अनुभव जरूरी है। आवेदक कम से कम पांच साल पहले संन्यास लिया हो। कोई भी व्यक्ति जो कुल पांच वर्षों के लिए किसी भी क्रिकेट समिति (जैसा कि बीसीसीआई के नियमों और विनियमों में परिभाषित है) का सदस्य रहा है, वह चयन समिति का सदस्य बनने के लिए पात्र नहीं होगा। आवेदन की अंतिम तारीख 28 नवंबर 2022 है। उस दिन शाम छह बजे तक आवेदन जमा करने होंगे।

टीम इंडिया 2021 के बाद 2022 टी20 वर्ल्ड कप में भी नहीं जीती
चेतन शर्मा की अगुआई वाली चयन समिति में अभी कुल चार सदस्य थे। इसमें चेतन शर्मा उत्तर क्षेत्र, हरविंदर सिंह (मध्य क्षेत्र), सुनील जोशी (दक्षिण क्षेत्र) और देबाशीष मोहंथी (पूर्व क्षेत्र) थे। कुछ का चयन 2020 तो कुछ का 2021 में हुआ था। चेतन शर्मा की अगुआई में चुनी गई टीम 2021 के बाद 2022 में भी टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन नहीं बन पाई।

एक राष्ट्रीय चयनकर्ता को आम तौर पर चार साल का कार्यकाल मिलता है। इसे बढ़ाया भी जा सकता है। चयन समिति में शामिल अभय कुरुविला का कार्यकाल समाप्त होने के बाद पश्चिम क्षेत्र से कोई चयनकर्ता नहीं था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here