राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मुर्मू पर अभद्र टिप्पणी, फिल्म निर्माता रामगोपाल वर्मा फंसे

एनडीए की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रोपदी मुर्मु पर अपने ट्विटर हैंडल से अभद्र व अमर्यादित टिप्पणी करने पर फिल्म निर्देशक रामगोपाल वर्मा के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में एफआईआर दर्ज करायी गई है। इसके लिये कुर्सी रोड निवासी मनोज कुमार सिंह ने तहरीर दी थी। इस टिप्पणी पर कई और लोगों ने आपत्ति जाहिर की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अपनी टिप्पणी को लेकर बाद में रामगोपाल वर्मा ने माफी भी मांग ली थी।

इंस्पेक्टर हजरतगंज अखिलेश मिश्र के मुताबिक कुर्सी रोड स्थित अर्जुन इन्क्लेव फेज-2 में रहने वाले मनोज कुमार सिंह ने इस टिप्पणी पर आपत्ति व्यक्त की थी। उन्होंने तहरीर में आरोप लगाया है कि फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा की टिप्पणी समाज पर गलत असर डालेगी। ऐसे में फिल्म निर्माता के खिलाफ कार्रवाई किया जाना जरूरी है।

22 जून को की थी टिप्पणी
राष्ट्रपति उम्मीदवार घोषित होने के बाद राम गोपाल वर्मा ने उन पर टिप्पणी की थी। 22 जून को अपने ट्विटर हैंडल पर भी इस टिप्पणी को पोस्ट कर दिया। इसमें उन्होंने अंग्रेजी में लिखा है कि अगर द्रौपदी राष्ट्रपति है, तो पांडव कौन है? उससे भी जरूरी यह है कि कौरव कौन है। राम गोपाल वर्मा ने अपने ट्वीट के जरिये द्रौपदी मुर्मु के नाम को महाभारत से जोड़ने की कोशिश की है। मनोज कुमार सिंह के मुताबिक राष्ट्रपति की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू पर ऐसी टिप्पणी गलत है। उन्होंने राम गोपाल वर्मा को गिरफ्तार करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here