24 घंटे में एअर इंडिया की 4 उड़ानों में तकनीकी खराबी, यात्रियों में दहशत

गुजरात के अहमदाबाद में हाल ही में हुए एअर इंडिया विमान हादसे ने देश को झकझोर दिया है। हादसे में 142 यात्रियों में से 141 की मौत हो गई, जबकि विमान जिस आवासीय इमारत पर गिरा, वहां भी कई लोगों की जान चली गई। कुल मिलाकर इस त्रासदी में 270 से अधिक जानें गईं। इस दुर्घटना के बाद से यात्रियों में डर का माहौल बढ़ गया है, क्योंकि बीते कुछ घंटों के भीतर एयर इंडिया की चार और उड़ानों में तकनीकी गड़बड़ियाँ सामने आई हैं।

हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली लौटाई गई फ्लाइट AI315
16 जून को हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट AI315 को तकनीकी खराबी के चलते बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा। यह विमान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर श्रेणी का था। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित रहे और समय रहते सभी को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया।

हिंडन एयरपोर्ट पर कोलकाता जाने वाली फ्लाइट रोकी गई
उसी दिन गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से कोलकाता रवाना होने वाली फ्लाइट IX 1511 में तकनीकी समस्या पाई गई। उड़ान से ठीक पहले खराबी सामने आने पर विमान को रोक दिया गया, जिससे यात्रियों में तनाव का माहौल बन गया।

सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही फ्लाइट में इंजन की खराबी
एक अन्य मामले में, सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए मुंबई पहुंचने वाली फ्लाइट AI180 को मंगलवार तड़के मुंबई एयरपोर्ट पर तकनीकी जांच के लिए रोका गया। रात करीब 12:45 बजे पहुंची फ्लाइट के बाएं इंजन में गड़बड़ी पाए जाने के बाद यात्रियों को सुबह 5:20 बजे विमान से उतरने का निर्देश दिया गया। यात्रियों को कोलकाता में ठहराया गया और सभी को आवश्यक सुविधाएं प्रदान की गईं। एक यात्री ने बताया कि उन्हें भोजन और आवास की बेहतर व्यवस्था मिली।

अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट भी रद्द
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को अहमदाबाद से लंदन रवाना होने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI159 को भी तकनीकी खराबी के चलते रद्द करना पड़ा। यह वही विमान था जो दिल्ली से अहमदाबाद आया था और अहमदाबाद हादसे के बाद पहली बार लंदन उड़ान भरने वाला था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here