कर्नाटक के बेलगावी जिले में गौ-परिवहन का विरोध करने पर हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। ग्रामीणों द्वारा उन्हें पेड़ से बांधकर पीटने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
घटना शुक्रवार की बताई जा रही है, जब एक व्यक्ति कुछ गायों को वाहन में लेकर जा रहा था। श्री राम सेना के कार्यकर्ताओं ने उसका पीछा किया और गायों को कथित अवैध वध से बचाने का दावा करते हुए उक्त व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया।
डेयरी इस्तेमाल का दावा, जबरन वसूली का आरोप
श्री राम सेना कार्यकर्ताओं का आरोप था कि ये गायें हुक्केरी तालुक में अवैध रूप से वध के लिए ले जाई जा रही थीं। हालांकि, संबंधित व्यक्ति ने इस आरोप से इनकार करते हुए कहा कि वह गायों का उपयोग डेयरी उद्देश्यों के लिए करता है और उस पर लगाए गए आरोप झूठे हैं। उसने कार्यकर्ताओं पर पैसे वसूलने की कोशिश का आरोप भी लगाया।
पुलिस ने गायों को इंगाली गांव स्थित एक पशु शेल्टर में भिजवा दिया। अगले दिन बापूसा मुलथानी नामक व्यक्ति उक्त गौशाला से गायों को लेकर अपने घर ले गया। जब यह जानकारी श्री राम सेना कार्यकर्ताओं को मिली, तो वे संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचकर विरोध करने लगे।
गांव में भड़के लोग, कार्यकर्ताओं को पेड़ से बांधा
कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर गांव के कुछ लोग उग्र हो उठे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और उनकी जमकर पिटाई की। हालांकि, इस घटना को लेकर किसी भी कार्यकर्ता द्वारा पुलिस में शिकायत नहीं दी गई। इसके बावजूद, वायरल वीडियो और घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।