लोकप्रिय कन्नड़ अभिनेता दर्शन थुगुदीपा पर हत्या का संगीन आरोप लगा है। अभिनेता को आज एक व्यक्ति की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया, जिसने कथित तौर पर अपने सह-कलाकार को अश्लील संदेश भेजे थे। 47 वर्षीय दर्शन को आज सुबह मैसूर में उनके फार्महाउस से हिरासत में लिया गया और पुलिस उन्हें बेंगलुरु ले गई। बेंगलुरु में पूछताछ के बाद अभिनेता को छह दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, रविवार को चित्रदुर्ग जिले के रहने वाले 47 साल के रेणुका स्वामी नाम के एक शख्स का शव पुलिस को कामाक्षीपाल्या पुलिस स्टेशन के पास एक नाले में मिला। स्वामी, एक फार्मेसी कंपनी के लिए काम करते थे, और उन्होंने कथित तौर पर अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कुछ अपमानजनक टिप्पणी की थी। कथित तौर पर पवित्रा, दर्शन की बेहद करीबी दोस्त हैं।
पवित्रा गौड़ा भी हुईं गिरफ्तार
जानकारी तो यह भी है कि पवित्रा ने रेणुका स्वामी की हरकत की शिकायत दर्शन से की थी। इस पर दर्शन को गुस्सा आया और वह अपने एक दोस्त विनय को लेकर बेंगलुरु पहुंच गए। कथित तौर पर रेणुका को प्रताड़ित करते हुए उनकी जान ले ली गई। रिपोर्ट तो यह भी है कि आठ आरोपियों ने ये दावा किया कि रेणुकास्वामी पर हमले के दौरान दर्शन वहां मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, रेणुका को लकड़ी के लट्ठों से मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। मामले में अब पुलिस ने अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया है।