12 जून को अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया विमान हादसे ने पूरे देश को गहरे आघात में डाल दिया था। इस भयावह दुर्घटना में करीब 260 लोगों की जान चली गई थी। मृतकों की पहचान अत्यधिक क्षत-विक्षत अवस्था के चलते डीएनए प्रोफाइलिंग के जरिए की जा रही है। इसी कड़ी में हाल ही में दुर्घटनास्थल से मिले कुछ और अवशेषों की डीएनए जांच पूरी होने के बाद छह परिवारों को उनके परिजनों के शरीर के हिस्से सौंपे गए हैं। यह जानकारी अहमदाबाद सिविल अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. राकेश जोशी ने शुक्रवार को दी।
डॉ. जोशी ने क्या बताया?
डॉ. जोशी ने बताया कि मृतकों की आधिकारिक संख्या अब भी 260 ही बनी हुई है। गुरुवार को जो अवशेष सौंपे गए, वे उन्हीं मृतकों से संबंधित हैं जिनकी पहचान पहले ही हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि 27 जून को अंतिम शव परिजन को सौंपे जाने की घोषणा की गई थी, लेकिन उस समय अस्पताल प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया था कि हादसे की तीव्रता के चलते शव के कई हिस्से आसपास बिखर गए थे, जो आगे चलकर मिल सकते हैं।
परिवारों की पूर्व सहमति भी ली गई थी
डॉ. जोशी ने यह भी बताया कि अधिकांश परिवारों ने पहले से अनुमति दे दी थी कि अगर आगे और अवशेष मिलते हैं तो अस्पताल खुद अंतिम संस्कार कर सकता है। हालांकि, 16 परिवारों ने यह शर्त रखी थी कि किसी भी नए अवशेष की जानकारी पहले उन्हें दी जाए।
इन 16 परिवारों में से छह ने हाल ही में सूचना मिलने के बाद आकर अवशेष प्राप्त कर लिए, जबकि नौ परिवारों ने अस्पताल को अंतिम संस्कार की अनुमति दी और एक परिवार ने अब तक कोई निर्णय नहीं लिया है।
कैसे हुआ था हादसा?
गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन के गैटविक के लिए रवाना हुआ एअर इंडिया का विमान AI-171, उड़ान भरते ही एक हॉस्टल इमारत से टकरा गया था। विमान में कुल 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। हादसे में विमान में सवार लगभग सभी यात्री और चालक दल के सदस्य मारे गए, वहीं हॉस्टल में मौजूद 29 लोगों की भी जान चली गई। इस भीषण दुर्घटना में कुल मिलाकर लगभग 260 लोगों की मृत्यु हुई थी।