पिछले सप्ताह अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे के बाद एअर इंडिया द्वारा अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना होने वाली फ्लाइट को तकनीकी खामी के कारण उड़ान भरने से पहले ही रद्द कर दिया गया। इस निर्णय के चलते यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, हादसे के बाद यह पहली फ्लाइट (AI-159) थी जो लंदन के लिए उड़ान भरने जा रही थी। निर्धारित प्रस्थान से पहले विमान की जांच में तकनीकी दिक्कतें पाई गईं, जिसके चलते उड़ान को रद्द करना पड़ा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह फ्लाइट कब रवाना की जाएगी और कल उड़ान भर पाएगी या नहीं।
फ्लाइट नंबर में भी हुआ बदलाव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उड़ान से पूर्व ही खराबी का पता चलने पर फ्लाइट रद्द कर दी गई। यात्रियों ने बताया कि उन्हें एअर इंडिया की ओर से सूचित किया गया कि AI-171 के स्थान पर अब फ्लाइट को AI-159 नंबर दिया गया है। इस फ्लाइट में अधिकांश यात्री राजकोट, आणंद, खंभात और हलोल क्षेत्रों से थे।
सुबह से ही हो रही थी उड़ान में देरी
इस उड़ान को दोपहर 1:10 बजे प्रस्थान करना था, लेकिन सुबह से ही उड़ान में लगातार विलंब हो रहा था। अंततः तकनीकी खामी के कारण इसे रद्द करना पड़ा।
गौरतलब है कि बीते गुरुवार को अहमदाबाद के मेघाणी नगर क्षेत्र में हुए भयावह विमान हादसे के बाद से एअर इंडिया की उड़ानों में लगातार तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं।